अदीस अबाबा (इथियोपिया) : भारत और इथियोपिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए वार्ता करने के उद्देश्य से विदेश मंत्री एस. जयशंकर शुक्रवार को अदीस अबाबा पहुंचे। जयशंकर अफ्रीकी देशों की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के अंतिम पड़ाव के तहत कोट डी आइवर से इथियोपिया पहुंचे। हवाई अड्डे पर इथियोपिया के विदेश मामलों के राज्य मंत्री बेरहानू त्सेगाये ने जयशंकर का स्वागत किया। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर अपने एक पोस्ट में कहा, ‘‘नमस्कार, अदीस अबाबा! इथियोपिया पहुंचकर बेहद खुशी हुई। गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए राज्य मंत्री बेरहानू त्सेगाये का धन्यवाद।’’ विदेश मंत्री ने कहा कि वह ‘‘रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए सार्थक बातचीत को लेकर उत्सुक हैं।’’ त्सेगाये ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा, ‘‘ इस यात्रा के दौरान उच्चस्तरीय वार्ता होगी, जिससे इथियोपिया और भारत के बीच बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।’’ अदीस अबाबा में जयशंकर ‘क्षेत्रीय मिशन प्रमुखों’ के सम्मेलन की अध्यक्षता भी करेंगे।