वाशिंगटन : अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को मिले झटकों के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवारों और मीडिया पर निशाना साधा। चुनावी नतीजे सामने आने के साथ ही सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर उनकी नाराजगी दिखने लगी। उन्होंने अपने पसंदीदा चैनल फॉक्स न्यूज के सर्वेक्षणों को खराब बताते हुए उनके सवालों को अपमानजनक करार दिया। चुनाव प्रचार के दौरान 30 रैलियां करने वाले ट्रंप ने पहले मतदाताओं से अपने समर्थन में मतदान की अपील की थी, लेकिन हार के बाद कहा कि वह चुनाव मैदान में नहीं थे और होते तो पार्टी भारी बहुमत से जीतती। टेक्सास में रिपब्लिकन उम्मीदवार की हार के लिए भी उन्होंने निवर्तमान गवर्नर ग्रेग एबॉट पर सवाल उठाए। बाद में ट्रंप ने चुनावी नतीजों का विश्लेषण करने की बात कही। हालांकि, उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ मिलकर काम करने की इच्छा भी जताई।