इस्लामाबाद : अमेरिका और ईरान के बीच रुकी हुई वार्ता को फिर से पटरी पर लाने की कोशिशों के बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी तेहरान पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि वह पाकिस्तान के रक्षा बलों के प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का एक महत्वपूर्ण संदेश ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के लिए लेकर गए हैं।
नकवी शनिवार रात ईरान पहुंचे, जहां उनका स्वागत ईरानी गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी ने किया। दोनों नेताओं की हाल ही में किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक के दौरान भी मुलाकात हुई थी।
राजनयिक सूत्रों के अनुसार, यह दौरा पाकिस्तान की उस पहल का हिस्सा है जिसका उद्देश्य इस वर्ष अप्रैल में हुए युद्धविराम को बनाए रखना और वाशिंगटन तथा तेहरान के बीच सार्थक बातचीत का रास्ता फिर से खोलना है। युद्धविराम अभी औपचारिक रूप से लागू है, लेकिन खाड़ी क्षेत्र में लगातार तनाव के कारण इसकी स्थिरता पर सवाल बने हुए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान रवाना होने से पहले नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की थी। उनका यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता नाजुक दौर में पहुंच गई है और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच मतभेद बने हुए हैं।
वार्ता में सबसे बड़े विवादित मुद्दों में ईरान का यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम, प्रतिबंधों का भविष्य, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े सवाल शामिल हैं। जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वार्ता में प्रगति का दावा कर रहे हैं, वहीं ईरानी नेतृत्व अब भी सतर्क रुख अपनाए हुए है।