मस्कट : भारत और ओमान ने सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी अभियान, साइबर सुरक्षा, ऊर्जा और समुद्री क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। मंगलवार को आयोजित 11वें रणनीतिक संवाद में भारत के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पवन कपूर और ओमान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के महासचिव मेजर जनरल इदरीस अब्दुलरहमान अल किंदी ने हिस्सा लिया। भारतीय दूतावास ने बुधवार को बताया कि दोनों पक्षों ने कानून प्रवर्तन, साइबर सुरक्षा, कृत्रिम मेधा (एआई) और ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों में मौजूदा और संभावित सहयोग की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर भी विचार साझा किए और आपसी समन्वय बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। कपूर ने ओमान के रॉयल ऑफिस के मंत्री जनरल सुल्तान बिन मोहम्मद अल नुमानी से भी मुलाकात की और उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की शुभकामनाएं दीं।