ढाका : भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के वित्त मंत्री आमिर खुसरू महमूद चौधरी से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, द्विपक्षीय विकास परियोजनाओं और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। भारत-बांग्लादेश के संबंधों में जारी तनाव के बीच यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ढाका की ओर से भारत में रह रहीं अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग के बाद दोनों देशों के संबंधों में खिंचाव बढ़ा है। इसी बीच अगले महीने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत यात्रा को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। भारत के उच्चायोग ने सोशल मीडिया पर बताया कि त्रिवेदी ने वित्त एवं योजना मंत्री चौधरी से मुलाकात कर आर्थिक सहयोग और दोनों देशों की द्विपक्षीय विकास परियोजनाओं पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान त्रिवेदी ने उन्हें कौटिल्य की पुस्तक ‘अर्थशास्त्र’ की एक प्रति भी भेंट की। इससे पहले भारतीय उच्चायुक्त ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सरदार एमडी सखावत हुसैन से भी मुलाकात की थी। दोनों पक्षों ने स्वास्थ्य क्षेत्र में लोगों के बीच सहयोग बढ़ाने से जुड़े साझा हितों और लाभ के मुद्दों पर चर्चा की।