मलबे में दबे लोगों को खोजने का प्रयास करती लोगों की भीड़ 
देश/विदेश

कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से तबाही, 20 लोगों की मौत

भूकंप का केंद्र चोको क्षेत्र के करीब 4,800 आबादी वाले सान होसे डेल पालमार इलाके में था

बोगोटा : कोलंबिया में सोमवार को 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई। पश्चिमी कोलंबिया के कई शहरों में इमारतें ढहने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। भूकंप के झटके राजधानी बोगोटा तक महसूस किए गए, जिसके बाद लोगों को अपने घरों से बाहर निकलना पड़ा। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) और कोलंबिया की संबंधित एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र चोको क्षेत्र के करीब 4,800 आबादी वाले सान होसे डेल पालमार इलाके में था। यह स्थान राजधानी बोगोटा से करीब 400 किलोमीटर पश्चिम में है। यूएसजीएस के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 107 किलोमीटर की गहराई में था। इसके झटके पड़ोसी देश इक्वाडोर में भी महसूस किए गए। भूकंप से पश्चिमी कोलंबिया के कई शहरों में भारी नुकसान हुआ। लोग मलबे में अपने परिजनों की तलाश करते नजर आए। अधिकारियों ने आफ्टरशॉक यानी भूकंप के बाद आने वाले झटकों की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा है। कोलंबिया के तीसरे सबसे बड़े शहर कैली में रहने वाले 64 वर्षीय टैक्सी चालक जॉर्ज मोनकायो ने बताया कि उन्होंने पहाड़ी इलाके में अपने घर से शहर के कई हिस्सों में धूल के गुबार उठते देखे। उन्होंने कहा कि मेरा पूरा घर हिल गया। मैंने इससे पहले कभी इतना शक्तिशाली भूकंप नहीं देखा।

SCROLL FOR NEXT