सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : डिगलीपुर–पश्चिमसागर मार्ग पर किशोरीनगर के निकट हाल ही में हुई दुर्भाग्यपूर्ण राज्य परिवहन सेवा बस दुर्घटना के बाद उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला प्रशासन लगातार घायल यात्रियों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इस दुर्घटना में कुल 58 यात्री, जिनमें स्कूली छात्र-छात्राएं तथा आम नागरिक शामिल थे, यात्रा कर रहे थे। इनमें से 28 लोग घायल हुए। 25 घायलों को उप-जिला अस्पताल, डिगलीपुर में भर्ती कराया गया, जबकि मामूली रूप से घायल तीन विद्यार्थियों का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किशोरीनगर में कर उन्हें छुट्टी दे दी गई। एक छात्र, जिसे कान, नाक एवं गला विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता थी, उसे श्री विजयापुरम स्थित जी.बी. पंत अस्पताल रेफर किया गया और आज एयरलिफ्ट कर वहां भेज दिया गया। उत्तर एवं मध्य अंडमान के उपायुक्त ने उप-जिला अस्पताल, डिगलीपुर पहुंचकर भर्ती सभी घायलों की स्वास्थ्य स्थिति का व्यक्तिगत रूप से जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों तथा उपचार कर रहे चिकित्सकों से बातचीत की और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मरीजों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा उनके उपचार में किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। उपायुक्त ने दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन द्वारा किए गए समस्त राहत एवं प्रबंधन कार्यों की भी समीक्षा की। जिला प्रशासन ने कहा है कि वह घायलों को समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने, उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा उत्तर एवं मध्य अंडमान जिले में प्रभावी एवं सुचारु जनसेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।