काठमांडू : ‘जेन जी’ समूह ने 8 सितंबर को सरकार विरोधी-प्रदर्शनों के दौरान हुई गोलीबारी में भूमिका को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और तत्कालीन गृह मंत्री रमेश लेखक की गिरफ्तारी की शनिवार को मांग की। इस गोलीबारी में 19 लोग मारे गए थे। विरोध-प्रदर्शनों का नेतृत्व करने वाले इस समूह के सलाहकारों में से एक डॉ. निकोलस बुशल ने यहां संबाद दाबली में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि ओली, लेखक और काठमांडू के मुख्य जिला अधिकारी छवि रिजाल को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए, क्योंकि वे नया बानेश्वर में गोलीबारी के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार थे।
बुशल ने 1990 के बाद से सभी उच्च पदस्थ नेताओं और सरकारी अधिकारियों की संपत्ति की जांच के लिए एक उच्च-स्तरीय जांच आयोग के गठन की भी मांग की। इसके अलावा, ‘जेन जेड’ के कार्यकर्ताओं ने यहां सिंह दरबार सचिवालय के पास मैतीघर मंडला में ओली और लेखक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना दिया। यहीं से उन्होंने 8 सितंबर को अपनी विरोध रैली शुरू की थी।
इसके एक दिन पहले ओली ने इस बात से इनकार किया था कि उन्होंने ‘जेन जी’ के प्रदर्शन के दौरान किसी गोलीबारी का आदेश दिया था। उन्होंने तर्क दिया था कि प्रदर्शनकारियों पर स्वचालित बंदूकों से गोलियां चलाई गईं, जो पुलिस के पास नहीं थीं। ओली ने मामले की जांच की मांग की।