देश/विदेश

मुख्य भूमि-पोर्ट ब्लेयर यात्रियों हेतु बैगेज भत्ता बढ़ाने की मांग

द्वीपवासियों के लिए हवाई यात्रा बनी जीवन रेखा

15 किलो बैगेज सीमा यात्रियों के लिए अपर्याप्त

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के सांसद बिष्णु पद रे ने भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु से मुख्य भूमि और द्वीपों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बैगेज भत्ता बढ़ाने तथा व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए निर्धारित सीमा के भीतर कम से कम दो बैगेज ले जाने की अनुमति देने का आग्रह किया है। द्वीपवासियों द्वारा झेली जा रही विशिष्ट भौगोलिक चुनौतियों को उजागर करते हुए सांसद ने जोर दिया कि हवाई संपर्क कोई सुविधा नहीं बल्कि जीवन रेखा है। मुख्य भूमि से रेल या सड़क संपर्क न होने के कारण अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के निवासी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आपात आवश्यकताओं के लिए बड़े पैमाने पर हवाई यात्रा पर निर्भर हैं। यद्यपि जहाज सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन वे अनियमित हैं और मुख्य रूप से त्योहारों या विशेष मांग के दौरान ही संचालित होती हैं। बिष्णु पद रे ने बताया कि वर्तमान 15 किलोग्राम बैगेज सीमा उन यात्रियों के लिए अपर्याप्त है, जिन्हें अक्सर आवश्यक वस्तुएं साथ ले जानी पड़ती हैं, जो या तो द्वीपों में उपलब्ध नहीं हैं या बहुत महंगी हैं। इस सीमा के कारण यात्रियों को अतिरिक्त बैगेज पर भारी खर्च उठाना पड़ता है। उन्होंने आगे कहा कि पहले यात्रियों को निर्धारित सीमा के भीतर दो या तीन बैगेज ले जाने की अनुमति थी, लेकिन अब एक ही बैगेज की पाबंदी से परिवारों, छात्रों, मरीजों और लंबे समय के लिए यात्रा करने वालों को काफी परेशानी हो रही है। अपने पत्र में सांसद ने नागरिक उड्डयन मंत्री से पोर्ट ब्लेयर-मुख्य भूमि सेक्टर में बैगेज सीमा 15 किलोग्राम से बढ़ाकर 25 किलोग्राम करने तथा निर्धारित सीमा के भीतर कम से कम दो बैगेज की अनुमति देने की मांग की है।


SCROLL FOR NEXT