देश/विदेश

Delhi Election Results: हार के बाद अरविंद केजरीवाल उदास, PM मोदी बोले- सुशासन जीता

भाजपा की ऐतिहासिक जीत, केजरीवाल को लगा बड़ा झटका

नई दिल्ली - देश की राजधानी दिल्ली की चुनावी तस्वीर साफ हो चुकी है। 27 साल बाद भाजपा वापस दिल्ली में बहुमत के साथ सरकार बनाने के लिए तैयार है। इस बार के ‌विधानसभा चुनाव में कई उलटफेर देखने को मिले हैं।

आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल के लिए इस चुनाव का परिणाम किसी सदमे से कम नहीं है। वह खुद नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव हार गए हैं। भाजपा के परवेश वर्मा ने केजरीवाल को लगभग 4000 वोटों से  हराया है। इसके बाद यह तय है कि केजरीवाल इस बार विधानसभा में कदम नहीं रख पाऐंगे।

चुनाव हारने के बाद अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में उन्होंने भाजपा को बधाई दी है और साथ ही साथ कहा है कि उनको और आम आदमी पार्टी को जनता का फैसला मंजूर है।

विकास जीता, सुशासन जीता - प्रधानमंत्री मोदी

चुनाव के नतीजे आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक्स पर एक पोस्ट किया है। पोस्ट में उन्होंने कहा कि, " जनशक्ति सर्वोपरि! विकास जीता, सुशासन जीता। दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन ! आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार।

दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो। मुझे भाजपा के अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया। अब हम और भी अधिक मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे।"

SCROLL FOR NEXT