नयी दिल्ली : पुरानी दिल्ली के हौज काजी इलाके में तीन मंजिला इमारत ढहने की घटना में शनिवार को मलबे से दो और शव बरामद किये गये, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गयी है।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान बिहार के खगड़िया जिले के हनुमान नगर गांव निवासी पंकज शर्मा (40) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
शवों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अजमेरी गेट के पास सत्तारा गली में निर्माणाधीन इमारत ढहने के दो दिन बाद भी मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश और मलबा हटाने का अभियान जारी रहा।
बचाव अभियान के पहले दिन दो लोगों किशोरी (40) और संजीत (45) को मृत घोषित कर दिया गया था जबकि दो अन्य लोगों सहदेव चौधरी (25) और फिरोज (37) को घायल अवस्था में मलबे से बाहर निकाला गया था।
दोनों घायलों की हालत स्थिर बतायी गयी थी। पुलिस के अनुसार चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गुरुवार सुबह करीब नौ बजकर 45 मिनट पर निर्माणाधीन इमारत ढह गयी थी। तीन मंजिला इमारत ढहने के समय निर्माण स्थल पर करीब 10 से 15 मजदूर मौजूद थे।