देश/विदेश

पोकाडेरा में रसोई गैस की किल्लत, उपायुक्त से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

पूर्व प्रमुख ने पूरे पंचायत क्षेत्र में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : पोकाडेरा पंचायत क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडरों की लगातार अनियमित आपूर्ति को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मायाबंदर के पूर्व प्रमुख अब्दुल सिद्दीक ने उत्तर एवं मध्य अंडमान के उपायुक्त से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। 27 अगस्त को लिखे पत्र में उन्होंने बताया कि 17 अगस्त को दानापुर जंक्शन में पोकाडेरा पंचायत के अंतर्गत रसोई गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया था। हालांकि, पंचायत के पूरे क्षेत्र में व्यवस्थित ढंग से सिलेंडरों का वितरण नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि जब भी पोकाडेरा में गैस वाहन पहुंचे, तो उसे अन्य क्षेत्रों में भेजने से पहले पूरी पोकाडेरा पंचायत में गैस सिलेंडरों का वितरण सुनिश्चित किया जाए। पत्र में कहा गया है कि अनियमित आपूर्ति के कारण पोकाडेरा के लोगों को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं और उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई मौकों पर लोगों को गैस ट्रक के पहुंचने की सूचना मिलने पर किराये के वाहनों से लखनऊ और वेबी तक जाना पड़ा है। अब्दुल सिद्दीक ने कहा कि यह समस्या नई नहीं है और पोकाडेरा पंचायत सहित मायाबंदर क्षेत्र के लोग पिछले दो से तीन महीनों से लगातार रसोई गैस की कमी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सिविल सप्लाई विभाग के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर अगली उपलब्ध गैस खेप का वितरण पूरे पोकाडेरा पंचायत क्षेत्र में सुनिश्चित करने की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT