सांस्कृतिक आयोजनों के लिए रेलवे की उद्घोषणा प्रणाली के इस्तेमाल पर सवाल 
देश/विदेश

मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने को लेकर विवाद

रेलवे की आलोचना, रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने के वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सुर्खियां बना

Ravi

मुंबई : छठ पूजा से पहले मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को विवाद खड़ा हो गया। इस कदम की आलोचना हुई और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए रेलवे की उद्घोषणा प्रणाली के इस्तेमाल पर सवाल उठाए गए।

सोशल मीडिया पर रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने के वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सुर्खियां बना। कुछ मराठीभाषी वर्गों और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने इस पर आपत्ति जताई। विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि विभिन्न अवसरों पर रेलवे स्टेशनों पर खास विषयों से जुड़े ‘जिंगल’ और जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाते हैं।

प्रवक्ता ने इस कदम का बचाव करते हुए कहा, ‘मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस सहित कुछ स्टेशनों पर छठ पूजा से पहले भोजपुरी गाने बजाए जा रहे हैं। इन स्टेशनों से त्योहार के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।

ये गाने यात्रियों के लिए जरूरी सूचनाओं के प्रसारण में लगने वाले समय के अलावा उपलब्ध अतिरिक्त समय में बजाए जाते हैं।’ प्रवक्ता ने जोर देकर कहा कि ऐसे गाने और संदेश केवल उस अतिरिक्त समय में प्रसारित किए जाते हैं, जो यात्रियों के लिए जरूरी घोषणाओं के बाद बचता है।

इस मुद्दे ने यह बहस भी छेड़ दी है कि क्या महाराष्ट्र के त्योहारों और क्षेत्रीय सांस्कृतिक परंपराओं को भी रेलवे स्टेशनों पर इसी तरह जगह मिलनी चाहिए? सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित चार दिवसीय छठ पूजा बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रमुखता से मनाई जाती है।

SCROLL FOR NEXT