वाशिंगटन : अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग के उस विज्ञापन पर विवाद बढ़ गया है जिसमें ‘मिस्टर सिंह’ को खुद देश छोड़ते दिखाया गया है। अधिकार समूहों ने इस विज्ञापन को ‘‘नस्लवादी’’ और ‘‘अमेरिका-विरोधी’’ करार दिया है। गृह सुरक्षा विभाग ने बिना लाइसेंस वाले वाणिज्यिक चालकों के खिलाफ अपने अभियान के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कृत्रिम मेधा (एआई) से तैयार तस्वीरों का इस्तेमाल किया जिसमें भूरी दाढ़ी वाले एक व्यक्ति को दिखाते हुए संदेश लिखा गया है कि हमारी सड़कों से दफा हो जाओ, मिस्टर सिंह आपको वाहन चलाना नहीं आता। ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक अन्य वीडियो में ‘ट्रांसफॉर्मर्स’ (जानी मानी अमेरिकन-जापानी फिल्म) के मुख्य खलनायक किरदार ‘मेगाट्रॉन’ को ‘एलियंस’ की रिहाई के लिए बातचीत करते दिखाया गया है। अमेरिकी प्रशासन विदेशी नागरिकों के लिए “एलियंस” शब्द का इस्तेमाल करता है। वीडियो में ‘मेगाट्रॉन’ सड़क दुर्घटनाओं और अन्य अपराधों में शामिल ट्रक चालकों हरजिंदर सिंह, राजविंदर कुमार, बेकझान बेशेकीव, अखरोर बोजोरोव और जसवीर सिंह की रिहाई की मांग करता नजर आ रहा है। विज्ञापन में ‘मिस्टर सिंह’ के संदर्भ की ‘हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन’ (एचएएफ) और ‘सिख कोएलिशन’ सहित प्रमुख अधिकार समूहों ने कड़ी आलोचना की है। यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब गृह सुरक्षा विभाग अपने ‘सीबीपी होम’ कार्यक्रम के प्रचार अभियान में जुटा है।