देश/विदेश

उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला परिषद अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा, अलागर स्वामी निर्वाचित

उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की अपर्णा राय ने दर्ज की जीत

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए बुधवार को उत्तर एवं मध्य अंडमान के उपायुक्त कार्यालय परिसर में हुए चुनाव में कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करते हुए राजनीतिक बढ़त हासिल की, जबकि उपाध्यक्ष पद भाजपा के खाते में गया। बाराटांग क्षेत्र से जिला परिषद सदस्य एवं कांग्रेस प्रत्याशी अलागर स्वामी उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला परिषद के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं किशोरी नगर क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा प्रत्याशी अपर्णा राय उपाध्यक्ष चुनी गईं। चुनाव परिणाम सामने आते ही उपायुक्त कार्यालय परिसर के बाहर कांग्रेस समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया तथा नवनिर्वाचित अध्यक्ष अलागर स्वामी का फूल-मालाओं से स्वागत किया। सूत्रों के अनुसार 17 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस के पास केवल सात सदस्य थे, इसके बावजूद अलागर स्वामी को कुल 11 मत प्राप्त हुए। इससे यह स्पष्ट हुआ कि उन्हें अन्य सदस्यों का भी समर्थन मिला। वहीं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अपर्णा राय विजयी रहीं। चुनाव के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष अलागर स्वामी ने अपनी जीत को कांग्रेस पार्टी की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे कांग्रेस परिवार और उत्तर एवं मध्य अंडमान के लोगों की जीत है। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला परिषद सदस्यों तथा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर चुनाव में रणनीति बनाई और उसी का परिणाम आज सामने आया है। उन्होंने विशेष रूप से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रंगलाल हलदार, तापस दा, प्रदीप दास, बशीर भाई तथा अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। अलागर स्वामी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य उत्तर एवं मध्य अंडमान के विकास कार्यों को गति देना होगा। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से सड़क क्षेत्र में कई परियोजनाएं लंबित पड़ी हैं और पर्याप्त फंड नहीं मिलने के कारण अनेक कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क अवसंरचना को प्राथमिकता देते हुए रुके हुए कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर एवं मध्य अंडमान में युवाओं के पास प्रतिभा और खेल क्षमता की कमी नहीं है, लेकिन उचित खेल मैदान और सुविधाओं का अभाव है। उनकी प्राथमिकता युवाओं के लिए बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना भी होगी। पर्यटन क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डिगलीपुर, लॉन्ग आईलैंड तथा अन्य क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। अलागर स्वामी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिला परिषद में सभी 17 सदस्य मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर क्षेत्रहित में कार्य किया जाएगा। उन्होंने उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं अपर्णा राय को भी बधाई देते हुए कहा कि सभी सदस्य मिलकर उत्तर एवं मध्य अंडमान के विकास के लिए कार्य करेंगे।

SCROLL FOR NEXT