पुलिस से झड़प के बाद धरना देते प्रदर्शनकारी 
देश/विदेश

नेपाल के भारत-सीमा से सटे सुनसरी में सांप्रदायिक झड़प

कई क्षेत्रों में अनिश्चितकालीन निषेधाज्ञा लागू

काठमांडू : नेपाल के भारत-सीमा से सटे सुनसरी जिले में दो समुदायों के बीच हुई सांप्रदायिक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सुरक्षाकर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद प्रशासन ने सोमवार सुबह से जिले के कई क्षेत्रों में अनिश्चितकालीन निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

सुनसरी जिला प्रशासन कार्यालय के अनुसार, सोमवार सुबह 7 बजे से लागू यह प्रतिबंध जिले के पांच बाजार क्षेत्रों में प्रभावी रहेगा और अगले आदेश तक जारी रहेगा। निषेधाज्ञा के तहत प्रभावित क्षेत्रों में चार से अधिक लोगों के एकत्र होने, प्रदर्शन, सार्वजनिक सभाएं और धरना-प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात देवगंज ग्रामीण नगरपालिका के कप्तानगंज क्षेत्र में दो अलग-अलग धार्मिक समुदाय अपने-अपने कार्यक्रम आयोजित कर रहे थे। इसी दौरान लाउडस्पीकर के उपयोग और धार्मिक झंडे लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसी दौरान हालात बिगड़ने पर सुरक्षा बलों ने गोली चलाई, जिसमें 24 वर्षीय ओम प्रकाश मेहता की मौत हो गई।

इस हिंसा में एक दर्जन से अधिक लोग, जिनमें कई सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं, घायल हुए हैं। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों पर 500 नेपाली रुपये तक का जुर्माना, एक महीने तक की कैद या दोनों की सजा दी जा सकती है।

SCROLL FOR NEXT