बीजिंग : चीन के गुइझोउ प्रांत में ल्यूकेमिया से जूझ रही 18 वर्षीय छात्रा याओ यिंगबेई (बेबेई) की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए अस्पताल में ही कक्षा सजाई गई। वह अपने स्कूल के दोस्तों के साथ एक बार फिर पढ़ना चाहती थी। शिक्षकों ने उसकी इच्छा पूरी करने के लिए अस्पताल में विशेष कक्षा का आयोजन किया। हालांकि, इस भावुक पल के महज दो दिन बाद बेबेई की मौत हो गई।
पांच साल से ल्यूकेमिया से जूझ रही थी
जानकारी के अनुसार, बेबेई दक्षिण-पश्चिमी गुइझोउ प्रांत के सोंगजियांग सेकेंडरी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। पांच साल पहले उसे ल्यूकेमिया होने का पता चला था। बीमारी के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित हुई और उसे इलाज के लिए स्कूल छोड़ना पड़ा। छोटी बहन के गर्भनाल रक्त से स्टेम सेल प्रत्यारोपण के बाद उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ और वह बीच-बीच में स्कूल लौटने लगी। लेकिन तीन महीने पहले बीमारी फिर उभर आई। परिजनों ने कई अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन अंततः उसे अपने गृहनगर के अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में दोस्तों के साथ आखिरी क्लास
अस्पताल में शिक्षक और सहपाठी नियमित रूप से उससे मिलने आते थे। जीवन के अंतिम सप्ताह में बेबेई ने अपनी शिक्षिका से दोस्तों के साथ एक आखिरी कक्षा में बैठने की इच्छा जताई। स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने अस्पताल में अस्थायी क्लासरूम तैयार कराया। इसे टेडी बियर और गुब्बारों से सजाया गया। कुछ सहपाठी भी इसमें शामिल हुए। अंग्रेजी की शिक्षिका ने पुरातत्व और चीन के सानशिंगदुई संग्रहालय पर पाठ पढ़ाया। तेज बुखार, हड्डियों में दर्द और नाक से खून आने के बावजूद बेबेई पूरी कक्षा में बैठी रही। इस अनमोल पल के दो दिन बाद उसकी मौत हो गई।