अंडमान-निकोबार में तिथियां घोषित
16 अप्रैल से शुरू होगी हाउस लिस्टिंग
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम :देशभर में जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें पहला चरण हाउस लिस्टिंग एवं आवास जनगणना (एचएलओ) तथा दूसरा चरण जनसंख्या गणना (पीई) होगा। पहले चरण में परिवारों के पास उपलब्ध संपत्तियों और सुविधाओं से संबंधित आंकड़े एकत्र किए जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में प्रत्येक परिवार सदस्य की जानकारी दर्ज की जाएगी। अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में जनगणना 2027 की तिथियां अधिसूचित कर दी गई हैं। हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया 16 अप्रैल, 2026 से 15 मई, 2026 तक आयोजित की जाएगी, जबकि जनसंख्या गणना फरवरी, 2027 में की जाएगी। डिजिटल इंडिया पहल के अंतर्गत जनगणना 2027 में डेटा संग्रहण और प्रसार की गुणवत्ता, दक्षता और समयबद्धता बढ़ाने के लिए डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा। आम जनता के लिए एक समर्पित वेब पोर्टल के माध्यम से स्वयं गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध होगी, जो हाउस लिस्टिंग से पहले 1 अप्रैल, 2026 से 15 अप्रैल, 2026 तक 15 दिनों के लिए खुला रहेगा। सेल्फ-एन्यूमरेशन जनगणना में भागीदारी का एक सुरक्षित और लचीला माध्यम प्रदान करता है, जिससे परिवार अपनी सुविधा के अनुसार जानकारी दर्ज कर सकते हैं। परिवार का कोई भी सदस्य लगभग 15-20 मिनट में आवश्यक विवरण भरकर मोबाइल या ईमेल के माध्यम से सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी प्राप्त कर सकता है। गणनाकर्ता के घर-घर दौरे के दौरान इस आईडी को सत्यापन और अंतिम प्रस्तुतिकरण के लिए साझा करना होगा। जनगणना संचालन निदेशालय, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह ने द्वीपसमूह के प्रत्येक परिवार से अपील की है कि वे 1 अप्रैल, 2026 से 15 अप्रैल, 2026 के बीच सेल्फ-एन्यूमरेशन के माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी अवश्य प्रदान करें।