समाचार 1: फोटो कैप्शन — कैंपबेल बे के मगर नाला क्षेत्र से वन विभाग की टीम द्वारा सुरक्षित पकड़ा गया खारे पानी का मगरमच्छ।  
देश/विदेश

कैंपबेल बे मगर नाला से 3.8 मीटर लंबे मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू

वन विभाग ने मगरमच्छ को प्राकृतिक आवास में पहुंचाया

SANJIB KUMAR ROY

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम- कैंपबेल बे के मगर नाला क्षेत्र में स्थानीय लोगों के बीच दहशत का कारण बने करीब 3.8 मीटर लंबे खारे पानी के मगरमच्छ को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। मगरमच्छ को क्षेत्र में नियमित रूप से देखे जाने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने उसकी गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी थी।

जानकारी के अनुसार, मगरमच्छ पिछले करीब दो सप्ताह से क्षेत्र में लगातार दिखाई दे रहा था। इसे सुरक्षित रूप से पकड़कर दूसरे स्थान पर पहुंचाने के उद्देश्य से लगभग 15 दिन पहले मौके पर एक पिंजरा लगाया गया था। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही थी और मगरमच्छ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

शनिवार सुबह करीब 10 बजे मगरमच्छ पिंजरे में फंस गया। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक सावधानियों के साथ पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। टीम ने अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित कब्जे में लिया तथा उसे बिना किसी नुकसान के क्षेत्र से हटाया।

इसके बाद मगरमच्छ के स्वास्थ्य की जांच की गई और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे गलाथिया जैवमंडल आरक्षित क्षेत्र के उपयुक्त प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य मगरमच्छ को आबादी वाले क्षेत्र से हटाने के साथ-साथ उसे ऐसे प्राकृतिक वातावरण में पहुंचाना था, जहां वह सुरक्षित रूप से रह सके।

बचाव अभियान प्रभागीय वन अधिकारी, सहायक वन संरक्षक और निकोबार प्रभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में चलाया गया।

सफल अभियान के बाद मगर नाला के आसपास रहने वाली स्थानीय आबादी को राहत मिली है।

SCROLL FOR NEXT