नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने शहर में संगठित और सड़क पर होने वाले अपराध के खिलाफ 17 से 20 सितंबर तक चलाए विशेष अभियान में 74 लोगों को गिरफ्तार किया। रोहिणी क्षेत्र में चलाए गए अभियान में करीब 300 पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने हथियार, मादक पदार्थ, चोरी के वाहनों और अवैध शराब समेत कई मामलों में कार्रवाई की।
हथियारों के साथ 30 आरोपी गिरफ्तार
अभियान के दौरान शस्त्र अधिनियम के मामलों में 28 आरोपियों और दो नाबालिगों को पकड़ा गया। उनके कब्जे से 17 देसी कट्टे, तीन अत्याधुनिक पिस्तौल, 31 कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए। इनमें इटली निर्मित बेरेटा पिस्तौल भी शामिल है। पुलिस ने छह बटनदार चाकू, दो कार और एक स्कूटर भी जब्त किया।
भैंस चोरी गिरोह के चार सदस्य पकड़े
पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से संचालित कथित संगठित गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि गिरोह ने रोहिणी और बाहरी उत्तर जिले से 100 से अधिक भैंस चोरी की हैं।
मादक पदार्थों के खिलाफ भी कार्रवाई
नशे के खिलाफ कार्रवाई में पांच लोगों को गिरफ्तार कर 801 ग्राम हेरोइन, 104 ग्राम मॉर्फिन और 17 ग्राम कोकीन समेत अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए। गिरफ्तार लोगों में सेनेगल का 33 वर्षीय नागरिक भी शामिल है। एक अन्य कार्रवाई में 1.2 लाख नकली सिगरेट जब्त की गईं।
शराब और जुए के मामलों में गिरफ्तारी
अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 10 मामले दर्ज कर 10 कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। जुए के 11 मामलों में 27 लोगों को पकड़ा गया। छह भगोड़ों को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि हत्या के मामले में सितंबर 2025 से फरार एक व्यक्ति को भी पकड़ा गया।
साइबर ठगी कॉल सेंटर का भंडाफोड़
साइबर पुलिस ने विवाह के लिए रिश्ते कराने के नाम पर कथित धोखाधड़ी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया। इस मामले में छत्तीसगढ़ की दो महिलाओं को गिरफ्तार कर चार मोबाइल फोन और संबंधित विवरण वाले रजिस्टर बरामद किए गए।