विमान की आपात लैंडिंग 
देश/विदेश

यूरोप में विमानों को बम की धमकी, कई की आपात लैंडिंग

किसी भी विमान में अभी तक विस्फोटक मिलने की जानकारी नहीं

Bharat Paswan

पेरिस/रोम/ब्रसेल्स : यूरोप के कई देशों में गुरुवार सुबह विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इस सप्ताह दूसरी बार मिली इन धमकियों के कारण कई उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा और कुछ विमानों को सुरक्षा घेरे में उतारा गया। हालांकि, अब तक किसी भी विमान में विस्फोटक नहीं मिला है। आयरलैंड की एर लिंगस की डबलिन से रोम जा रही उड़ान को सुरक्षा कारणों से फ्रांस के एव्रू हवाई अड्डे पर उतारा गया। बुल्गारिया के अधिकारियों के अनुसार, कोपेनहेगन और मैड्रिड से आने वाले विमानों को सोफिया, जबकि लंदन से आने वाली एक उड़ान को प्लोवदिव में उतारा गया। चेक गणराज्य की पुलिस ने बताया कि प्राग जा रहे चार विमानों को भी बम की धमकी मिली। वहीं, फिनलैंड की फिनएयर की एक उड़ान को इटली के लड़ाकू विमानों ने सुरक्षा घेरे में रोम तक पहुंचाया। पोलैंड की एलओटी एयरलाइन की ब्रसेल्स जा रही उड़ान सुरक्षित उतरी, जबकि पेरिस जाने वाली एक उड़ान को उड़ान भरने से पहले रोक दिया गया। मंगलवार को भी यूरोप में कम से कम सात विमानों और एक क्रूज जहाज को ऐसी धमकियां मिली थीं। विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि ये घटनाएं साइबर हमलों के साथ यूरोप की आवश्यक सेवाओं को बाधित करने की व्यापक कोशिश का हिस्सा हो सकती हैं।

SCROLL FOR NEXT