आगजनी की घटना में जलती कार 
देश/विदेश

ढाका में बम धमाके और आगजनी, यूनुस के पैतृक घर को फूंका

पुलिस ने 24 घंटे के अभियान में 565 लोगों को गिरफ्तार किया।

Bharat Paswan

ढाका : बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच बृहस्पतिवार तड़के राजधानी ढाका में कई स्थानों पर बम धमाके हुए, जबकि चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी गई। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के आह्वान के बाद हिंसा की ये घटनाएं हुईं। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के बावजूद ढाका में विस्फोट, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। चटगांव के पांचलाइश इलाके में अज्ञात उपद्रवियों ने यूनुस के पैतृक घर को आग के हवाले कर दिया। इससे पहले ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को भी निशाना बनाया गया था। बुधवार रात ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला किया गया। वहीं, बीएनपी के कम से कम दो कार्यालयों और एक नेता के घर में आग लगा दी गई। पिछले दो दिनों में 64 में से 28 प्रशासनिक जिलों में बम धमाकों और वाहनों में आगजनी की घटनाएं हुईं। इस बीच, लॉकडाउन से पहले पुलिस ने 24 घंटे के अभियान में 565 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें हसीना सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग की वापसी रोकने के लिए लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की।

SCROLL FOR NEXT