निर्मल पुर्जा 
देश/विदेश

तीन दिन बाद मिला दिग्गज पर्वतारोही निर्मल पुर्जा का शव

हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे 10 पर्वतारोही

लाहौर : पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र स्थित ब्रॉड पीक पर आए भीषण हिमस्खलन के तीन दिन बाद रविवार को नेपाल मूल के ब्रिटिश दिग्गज पर्वतारोही निर्मल पुर्जा (निम्स दाई) का शव बरामद कर लिया गया। इस हादसे में उनके साथ कुल 10 पर्वतारोही हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे। अल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान (एसीपी) के अनुसार, 43 वर्षीय निर्मल पुर्जा का शव लगभग 5,700 मीटर की ऊंचाई पर मिला। अब तक इस हादसे में पांच पर्वतारोहियों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि शेष पांच की तलाश जारी है। एसीपी ने बताया कि बचाव दल निर्मल पुर्जा के शव तक पहुंच गया है। इसी स्थान पर तीन अन्य शव भी दिखाई दिए हैं, लेकिन उनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। बचाव दल सभी शवों को नीचे स्थित जापानी कैंप तक लाने का प्रयास कर रहा है। राहत एवं बचाव अभियान बेहद कठिन परिस्थितियों में चलाया जा रहा है। निर्मल पुर्जा और उनके साथ मौजूद अन्य पर्वतारोही गुरुवार को ब्रॉड पीक पर चढ़ाई के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे। इस दल में पांच नेपाली, एक पाकिस्तानी, एक ओमानी, एक अमेरिकी और एक चीनी पर्वतारोही शामिल थे। निर्मल पुर्जा विश्व के सबसे प्रतिष्ठित पर्वतारोहियों में गिने जाते थे।

SCROLL FOR NEXT