देश/विदेश

क्रॉस वोटिंग : भाजपा की हरप्रीत कौर चंडीगढ़ की नयी मेयर निर्वाचित

आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार प्रेम लता को महज 2 वोटों के अंतर से हराया

चंडीगढ़ : भाजपा की हरप्रीत कौर बबला गुरुवार को चंडीगढ़ नगर निगम की नयी महापौर चुनी गयीं। उन्होंने आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार प्रेम लता को महज 2 वोटों के अंतर से हराया। बबला को 19 और लता को 17 मत मिले। कोई भी मत अमान्य नहीं पाया गया।
पीठासीन अधिकारी रमणीक सिंह बेदी ने चुनाव परिणाम की घोषणा की। महापौर पद के लिए मुकाबला भाजपा और आम आदमी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन के बीच था। 35 सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी के 13 और उसकी सहयोगी कांग्रेस के 6 पार्षद हैं, जबकि भाजपा के 16 पार्षद हैं। इसके अलावा, चंडीगढ़ के सांसद को भी पदेन सदस्य के रूप में मतदान का अधिकार प्राप्त होता है। वर्तमान में कांग्रेस के मनीष तिवारी चंडीगढ़ के सांसद हैं। भाजपा उम्मीदवार की जीत इस ओर इशारा करती है कि मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग हुई। सुप्रीम कोर्ट ने नगर निगम चुनाव के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश जयश्री ठाकुर को स्वतंत्र पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। महापौर के चुनाव के बाद अब वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर पद के लिए मतदान होगा। भाजपा ने वरिष्ठ उपमहापौर पद के लिए विमला दुबे और उपमहापौर पद के लिए लखबीर सिंह बिल्लू को उम्मीदवार बनाया है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं। महापौर पद आम आदमी पार्टी ने लड़ा था। अब कांग्रेस ने वरिष्ठ उपमहापौर पद के लिए जसबीर सिंह बंटी और उपमहापौर पद के लिए तरुणा मेहता को उम्मीदवार बनाया है।

SCROLL FOR NEXT