आतंकवादी ओसामा बिन लादेन (फाइल फोटो) 
देश/विदेश

9/11 हमले के तीन साल पहले भारत को निशाना बनाना चाहता था बिन लादेन

अमेरिकी खुफिया दस्तावेजों से यह जानकारी सामने आई है

Bharat Paswan

वाशिंगटन : अमेरिका में 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों से करीब तीन साल पहले ही अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन भारत को संभावित निशाना बनाने पर विचार कर रहा था। हाल में सार्वजनिक किए गए अमेरिकी खुफिया दस्तावेजों से यह जानकारी सामने आई है। अमेरिकी खुफिया एजेंसी (सीआईए) ने 9/11 हमलों की 25वीं बरसी से पहले 70 से अधिक पहले से वर्गीकृत राष्ट्रपति दैनिक ब्रीफ (पीडीबी) सार्वजनिक किए हैं। इनमें 28 अगस्त 1998 को तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के लिए तैयार की गई एक ब्रीफ भी शामिल है। इसका शीर्षक था- ‘बिन लादेन का आतंकी नेटवर्क अब भी खतरा’। दस्तावेज में चेतावनी दी गई थी कि अलकायदा ने कम से कम 60 देशों में अपना अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क स्थापित कर लिया था और वह दुनिया के कई क्षेत्रों में हमले करने में सक्षम था। बिन लादेन मिस्र, अरब प्रायद्वीप, खासकर कुवैत, सऊदी अरब और यमन के अलावा भारत, पाकिस्तान, युगांडा और संभवत: नाइजीरिया में भी हमले करना चाहता था। दस्तावेज में इन देशों को अलकायदा की संभावित आतंकी गतिविधियों के दायरे में बताया गया था। यह खुफिया चेतावनी अगस्त 1998 में केन्या और तंजानिया स्थित अमेरिकी दूतावासों पर अलकायदा के बम हमलों के कुछ ही सप्ताह बाद जारी हुई थी।

SCROLL FOR NEXT