सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम - प्रतिकूल मौसम के बीच गुरुवार सुबह मिडिल स्ट्रेट क्षेत्र में भूस्खलन और पेड़ गिरने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो जाने के कारण वाहनों का एक काफिला कुछ समय के लिए फंस गया। यह मार्ग अंडमान मुख्य मार्ग के अंतर्गत आता है।
लगभग सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर एक विशेष सेवा सूचना प्राप्त हुई। काफिले की एक बस में यात्रा कर रही यात्री श्रीमती सरिता सरकार ने अधिकारियों को सूचित किया कि मार्ग में अवरोध उत्पन्न होने के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।
सूचना मिलते ही बाराटांग अग्निशमन केंद्र ने तत्काल एक दल को आवश्यक आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना किया। दल अपने साथ दो यांत्रिक आरी, एक दाव, लोहे की छड़ और रस्सी सहित आवश्यक सामान लेकर पहुंचा। मौके पर पहुंचते ही दमकलकर्मियों ने सड़क पर गिरे पेड़ और अन्य मलबे को काटने, उठाने तथा हटाने का कार्य शुरू किया। इस बचाव कार्य में वन विभाग के कर्मचारी भी सक्रिय रूप से शामिल हुए और दमकलकर्मियों के साथ मिलकर मार्ग से अवरोध हटाने में सहयोग किया।
लगातार किए गए प्रयासों के बाद पेड़ और अन्य मलबे को पूरी तरह हटा दिया गया तथा दोनों दिशाओं में काफिले के वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई। इसके बाद फंसे हुए यात्रियों और अन्य वाहन चालकों को आगे जाने की सुविधा मिल सकी। बाराटांग अग्निशमन केंद्र तथा वन विभाग के कर्मचारियों की इस मुस्तैदी की यात्रियों तथा स्थानीय व्यापारिक समुदाय के सदस्यों ने काफी सराहना की। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु या घायल होने की सूचना नहीं है।