देश/विदेश

बंगाल 2026: कांग्रेस कैंपेन की कमान राहुल-प्रियंका के हाथ

कांग्रेस का बड़ा चुनावी अभियान की तैयारी

दिल्ली, इंद्राण : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले कांग्रेस प्रचार में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है। पार्टी ने राज्य में एक के बाद एक बड़ी जनसभाएं और रोड शो आयोजित करने का रणनीतिक कार्यक्रम बनाया है, जिसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे प्रमुख भूमिका निभाएंगे। कांग्रेस की प्रचार रणनीति के तहत दक्षिण बंगाल में राहुल गांधी को मुख्य चेहरा बनाया गया है।

यहां रोड शो और जनसभाओं के जरिए पार्टी संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। उत्तर बंगाल में प्रचार की कमान प्रियंका गांधी संभालेंगी, जबकि कोलकाता में मल्लिकार्जुन खड़गे समेत पार्टी के शीर्ष राष्ट्रीय नेता एक विशाल जनसभा आयोजित करेंगे। विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल को चार हिस्सों—उत्तर बंगाल, दक्षिण बंगाल, राढ़ बंग (जंगलमहल) और कोलकाता-हावड़ा समेत मध्य बंगाल—में बांटा है। इन सभी क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर के नेता लगातार बैठकें और जनसभाएं करेंगे। माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं के बाद कांग्रेस ‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत बड़े पैमाने पर आंदोलन और जनसभाओं की शुरुआत करेगी।

28 जनवरी को प्रस्तावित जनसभा में मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने की योजना थी, लेकिन संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण कार्यक्रम के कारण यह रद्द करनी पड़ी। अब परीक्षाओं के बाद कोलकाता समेत सभी जिलों में बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार के अनुसार बंगाल में राहुल गांधी की लोकप्रियता बढ़ रही है, और विभिन्न मुद्दों पर लोग उनसे संपर्क कर रहे हैं। वहीं महिलाओं के बीच प्रियंका गांधी की लोकप्रियता भी तेजी से बढ़ी है। कांग्रेस का दावा है कि बंगाल की जनता अब ध्रुवीकरण की राजनीति से दूर हटकर राहुल-प्रियंका के नेतृत्व में नई शुरुआत की उम्मीद कर रही है।

SCROLL FOR NEXT