नारेबाजी करते हसीना के पार्टी के समर्थक 
देश/विदेश

बांग्लादेश : तिहरे संकट से घिरी रहमान की सरकार

सड़कों पर उतरे मजदूर- राजनीतिक दल, देशव्यापी प्रदर्शनों की घोषणा

Bharat Paswan

ढाका : बांग्लादेश में प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार एक साथ राजनीतिक विरोध, औद्योगिक अशांति और हिंसा की चुनौतियों से घिर गई है। प्रतिबंधित अवामी लीग के समर्थकों के प्रदर्शनों, कपड़ा मजदूरों के वेतन आंदोलन और विपक्षी दलों की सरकार विरोधी मुहिम से कई इलाकों में तनाव है। बिगड़ती कानून-व्यवस्था के बीच सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। जमात-ए-इस्लामी ने 21 नवंबर से 31 दिसंबर तक देशव्यापी रैलियों और विरोध प्रदर्शनों की घोषणा की है। पार्टी ने बढ़ती हिंसा, महंगाई, बिजली की दरों में वृद्धि और बिजली कटौती को लेकर सरकार को घेरा है। वहीं, 2024 के छात्र आंदोलन से उभरी नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) ने भी 23 नवंबर से 31 दिसंबर तक विरोध कार्यक्रमों का ऐलान किया है।

30 हजार टका न्यूनतम वेतन की मांग

कपड़ा उद्योग के मजदूर मौजूदा 12,500 टका के न्यूनतम मासिक वेतन को बढ़ाकर 30 हजार टका करने की मांग कर रहे हैं। ढाका के आसपास सावर, आशुलिया और गाजीपुर में प्रदर्शनों के दौरान पुलिस से झड़पें हुईं और कई कारखानों में कामकाज प्रभावित हुआ। सरकार ने वेतन संबंधी मांगों पर विचार के लिए वेतन बोर्ड गठित किया है। अक्टूबर में महंगाई दर 8.27 प्रतिशत रही, जबकि वेतन वृद्धि की दर 7.63 प्रतिशत दर्ज की गई।

आगजनी और राजनीतिक टकराव से बढ़ा तनाव

नरेल जिले के कालिया इलाके में 20 नवंबर को दो बीएनपी नेताओं की हत्या के बाद अवामी लीग नेताओं और कार्यकर्ताओं से जुड़े घरों तथा दुकानों पर हमले और आगजनी की घटनाएं हुईं। नुकसान के आंकड़ों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। स्थानीय बीएनपी नेताओं ने हमलों में शामिल होने से इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जय बांग्ला नारे लगाकर 100 ग्रामीण बैंक ब्रांच पर हमला

अंतरिम सरकार के पूर्व मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने आरोप लगाया है कि अकेले नवंबर में देश में ग्रामीण बैंक की लगभग 100 ब्रांच पर इसी तरह हमला किया गया। उन्होंने इन हमलों को रोकने के लिए असरदार कदम उठाने और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग की। प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने सोमवार को जारी एक बयान में यह बात कही। बयान में उन्होंने कहा कि हमलों के दौरान 'जय बांग्ला' का नारा लगाया जा रहा था।

SCROLL FOR NEXT