रोम : इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर रोक लगाने तथा कुछ गैर-इतालवी छात्रों की संख्या कक्षा में 30 प्रतिशत तक सीमित करने वाले नए डिक्री को मंजूरी दी है। सरकार के अनुसार, इन उपायों का उद्देश्य छात्रों के एकीकरण को बढ़ावा देना और इतालवी भाषा के ज्ञान को मजबूत करना है। मंत्रिमंडल से मंजूर डिक्री तत्काल प्रभावी होगी, लेकिन इसे 60 दिनों के भीतर संसद से कानून की मंजूरी दिलानी होगी। मेलोनी ने कहा कि इसका उद्देश्य स्कूलों में ‘गेटो क्लासरूम’ बनने से रोकना और सभी छात्रों को समान शैक्षणिक अवसर देना है। 30 प्रतिशत की सीमा सभी विदेशी छात्रों पर लागू नहीं होगी। प्राथमिक स्कूलों में यह उन बच्चों पर लागू होगी, जिनका जन्म इटली में नहीं हुआ है या जिन्होंने वहां कम से कम दो वर्ष प्री-स्कूल शिक्षा नहीं ली है। माध्यमिक स्कूलों में तीन वर्ष की शिक्षा पूरी नहीं करने वाले गैर-इतालवी छात्रों को इसके दायरे में रखा गया है। इटली में जन्मे या पर्याप्त समय तक वहां की शिक्षा व्यवस्था में पढ़े छात्रों को इससे बाहर रखा गया है। स्कूलों में बुर्का और नकाब जैसे पूरे चेहरे को ढकने वाले परिधानों पर रोक होगी, जबकि हिजाब प्रतिबंध के दायरे में नहीं है। उल्लंघन पर 200 से 1,000 यूरो तक जुर्माना लगाया जा सकता है।