देश/विदेश

भाजपा अध्यक्ष अनिल तिवारी पर जमकर बरसे वार्ड संख्या-6 के पार्षद अजीज उर रहमान

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : वार्ड संख्या-6 के पार्षद अजीज उर रहमान ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अनिल तिवारी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हाल ही में अनिल तिवारी द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के सदस्यों के मानदेय में वृद्धि तथा गिफ्ट डीड पर स्टांप ड्यूटी से संबंधित उठाए गए मुद्दों को अनावश्यक रूप से प्रचारित किया जा रहा है, जबकि द्वीपवासियों के सामने पानी, बिजली, सड़क और महंगाई जैसे कहीं अधिक गंभीर मुद्दे मौजूद हैं। अजीज उर रहमान ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं सदस्यों का मानदेय बढ़ाने की मांग से केवल चुनिंदा निर्वाचित प्रतिनिधियों को लाभ मिलेगा, जबकि आम जनता की प्राथमिक समस्याएं अब भी अनसुलझी हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में पीआरआई सदस्यों की मदद करना चाहती है तो विकास कार्यों के लिए अधिक फंड उपलब्ध कराए, जिससे जनता को सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि दक्षिण अंडमान में हर वर्ष पानी की समस्या गंभीर रूप ले लेती है और कई क्षेत्रों में लोगों को चार से छह दिन तक जलापूर्ति का इंतजार करना पड़ता है। इसके बावजूद इस विषय पर अपेक्षित स्तर पर पहल नहीं दिखाई देती। उन्होंने बिजली संकट का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अतीत में लंबे समय तक बिजली कटौती के कारण लोगों को सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा था। ग्रेट निकोबार परियोजना का उल्लेख करते हुए अजीज उर रहमान ने कहा कि विकास परियोजनाओं के साथ-साथ पर्यावरणीय और जनजातीय प्रभावों पर भी चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई और जैव विविधता पर पड़ने वाले प्रभावों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अनिल तिवारी तथा सोशल मीडिया पर सक्रिय कुछ व्यक्तियों के खिलाफ भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उनके तथा सांसद बिष्णु पद रे के खिलाफ सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सांसद बिष्णु पद रे लंबे समय से द्वीपवासियों के मुद्दों को उठाते रहे हैं और विभिन्न आंदोलनों तथा जनहित के मामलों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। अजीज उर रहमान ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों के समर्थन में कोई प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि वे भविष्य में अपने आरोपों के समर्थन में साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि अंडमान-निकोबार में पानी, बिजली, सड़क, महंगाई और भूमि से जुड़े कई ऐसे मुद्दे हैं जिन पर गंभीर चर्चा और ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में उन्होंने भाजपा नेतृत्व से जनहित के मुद्दों पर अधिक ध्यान देने और राजनीतिक बयानबाजी से बचने की अपील की।

SCROLL FOR NEXT