कनाडा के एडमंटन में स्थित गुरुद्वारा 
देश/विदेश

कनाडा के एडमंटन में गुरुद्वारे में हमला, दो घायल

आरोपी ने पेचकस से ग्रंथी पर किया हमला, गिरफ्तार

Bharat Paswan

टोरंटो : कनाडा में एडमंटन के एक गुरुद्वारे में अरदास के दौरान 27 वर्षीय हथियारबंद व्यक्ति ने दो लोगों पर पेचकस से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस यह पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है कि यह हमला घृणा के कारण किया गया या नहीं। पुलिस ने बताया कि आरोपी गुरुद्वारे में दाखिल हुआ और उसने दरबार हॉल में जाने की कोशिश की लेकिन गुरुद्वारे के कर्मचारियों ने उसे रोक लिया। एडमंटन पुलिस सेवा (ईपीएस) ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि इसके बाद झगड़ा बढ़ गया और आरोपी ने 75 एवं 51 वर्ष के दो व्यक्तियों पर हमला कर दिया। ईपीएस के कार्यवाहक निरीक्षक एरिक स्टीवर्ट ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस की घृणा अपराध इकाई मामले की जांच कर रही है। नानकसर गुरुद्वारा गुरसिख टेंपल के उपाध्यक्ष जोरा ग्रेवाल ने कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें बताया कि घटना के समय गुरुद्वारे में सुबह की अरदास हो रही थी और कई लोग मौजूद थे। पुलिस के अनुसार इस घटना में घायल हुए लोग श्रद्धालु हैं जबकि ग्रेवाल ने कहा कि इनमें एक व्यक्ति गुरुद्वारे का ग्रंथी और दूसरा व्यक्ति लंबे समय से वहां सेवा कर रहा एक स्वयंसेवक है। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारे के अंदर मौजूद लोगों ने जब हथियारबंद व्यक्ति को बाहर निकालने की कोशिश की तो उसने उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने ग्रंथी पर पेचकस से कई बार वार किए और इसके बाद बुजुर्ग स्वयंसेवक पर भी हमला किया। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया और उनकी चोटें जानलेवा नहीं हैं। संदिग्ध भी घायल हुआ और उसे भी अस्पताल ले जाया गया।

SCROLL FOR NEXT