गुवाहाटी : असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले में मिनीबस और ट्रक की आमने-सामने की भीषण टक्कर में घायल हुए तीन और लोगों ने सोमवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह दुर्घटना रविवार शाम सोनापुर के पास टेटेलिया में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुई थी। पुलिस के अनुसार, हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। खेत्री थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उपचार के दौरान तीन और घायलों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि सात अन्य घायलों का गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में इलाज चल रहा है।
मिनीबस में सवार थे 14 लोग
पुलिस के मुताबिक, मिनीबस में चालक और सहायक समेत कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में मिनीबस में सवार सभी लोग प्रभावित हुए। वहीं, ट्रक में सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। गुवाहाटी पुलिस के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) सफीकुल हुसैन ने बताया कि मिनीबस गुवाहाटी की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अचानक मिनीबस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। अधिकारियों को आशंका है कि सड़क के बीच बने एक बड़े गड्ढे में मिनीबस के चले जाने के बाद चालक ने नियंत्रण खोया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
सड़क की बदहाली के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने राजमार्ग के खराब रखरखाव के विरोध में रविवार रात सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। एक स्थानीय प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण इस हिस्से में पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले रेत से लदा एक ट्रक भी सड़क के बीच बने बड़े गड्ढे में गिरने के बाद पलट गया था। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की खराब स्थिति के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) पर भी सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। खास बात यह है कि हादसे वाली जगह से महज एक किलोमीटर दूर सोनापुर में एनएचएआई का टोल प्लाजा स्थित है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सड़क की मरम्मत नहीं की जाती, तब तक टोल प्लाजा को बंद रखा जाएगा।
हादसे के बाद कई घंटे जाम
दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। सड़क पर भारी जाम लगने से सैकड़ों वाहन कई घंटे तक फंसे रहे। जाम की स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात सामान्य कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की। वहीं, हादसे में घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस सड़क की स्थिति और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।