देश/विदेश

हादसे में मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मिलेंगे

CM हिमंत ने देने की घोषणा की घटनास्थल का किया निरीक्षण

गुवाहाटी : असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को खेत्री के टेटेलिया में रविवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुए भीषण सड़क हादसे के घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने हादसे के कारणों और दुर्घटना के बाद की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राष्ट्रीय राजमार्ग और सर्विस रोड के क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया। रविवार शाम टेटेलिया में नगांव से गुवाहाटी जा रही एक ट्रैवलर और विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई थी। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले सातों लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गौहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) में इलाज करा रहे घायलों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे राष्ट्रीय राजमार्ग पर मौजूद गड्ढों को एक प्रमुख कारण पाया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत की जिम्मेदारी आम तौर पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा ठेकेदारों को सौंपी जाती है और इस मामले में संबंधित ठेकेदार अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभाने में विफल रहा है। सरमा ने कहा कि NHAI के चेयरमैन ने सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उचित कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिस जांच में जो भी व्यक्ति हादसे के लिए दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सांसद बिजुली कलिता मेधी, विधायक तपन दास, गुवाहाटी पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत, जिला आयुक्त स्वप्निल पॉल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

SCROLL FOR NEXT