फोटो में सुभाष ग्राम निर्वाचन क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य प्रदीप दास, आरके ग्राम के वार्ड नंबर 10 में पेयजल संकट से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए।  
देश/विदेश

आरके ग्राम के वार्ड नंबर 10 में पेयजल संकट, कई परिवार परेशान

डेढ़ किलोमीटर दूर प्राकृतिक जलस्रोत से पानी लाने को मजबूर ग्रामीण

SANJIB KUMAR ROY

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम -- दिगलीपुर के आरके ग्राम स्थित वार्ड नंबर 10 में करीब 8 से 10 परिवार पिछले लगभग 25 वर्षों से गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने के दावे किए जाने के बावजूद उनके घरों तक आज तक पेयजल की सुविधा नहीं पहुंची है।

स्थिति यह है कि परिवारों को प्रतिदिन करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल के बीच स्थित एक प्राकृतिक जलस्रोत से पानी लाना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम में भी इस जलस्रोत पर निर्भरता बनी हुई है और दुर्गम रास्ते से पानी ढोकर परिवारों की दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ती हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि जलस्रोत तक पहुंचने का रास्ता बेहद खराब है। कई स्थानों पर रास्ता अवरुद्ध होने के कारण बुजुर्गों और शारीरिक रूप से असमर्थ लोगों के लिए वहां तक पहुंचना भी मुश्किल है। पानी की कमी के चलते अधिकांश परिवारों ने अपने घरों में पक्के शौचालय तक नहीं बनवाए हैं, क्योंकि उनके लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था करना संभव नहीं है।

स्थानीय निवासी दीप्ति विश्वास ने बताया कि उनका परिवार पिछले 25 वर्षों से इस समस्या का सामना कर रहा है। कई बार प्रधान और संबंधित अधिकारियों के समक्ष पाइपलाइन की मांग उठाई गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी पाइपलाइन की तकनीकी समस्या तो कभी निविदा समाप्त होने का हवाला देकर उनकी मांग टाल दी जाती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पानी की आपूर्ति के लिए आवश्यक उपकरण और गेट वाल लगाने के नाम पर उनसे करीब 8,000 रुपये की मांग की गई।

इस बीच जिला परिषद सदस्य प्रदीप दास ने गांव पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

उन्होंने प्रशासन, अंडमान लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित परिवारों तक जल्द पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल पहुंचाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सोमवार को संबंधित कनिष्ठ अभियंता एवं अधिकारियों से मुलाकात कर इस समस्या को उठाया जाएगा, ताकि वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे परिवारों को राहत मिल सके।

SCROLL FOR NEXT