श्री विजय पुरम नगर परिषद के वार्ड नंबर 14 के पार्षद वाई. योगा राव। 
देश/विदेश

डायरी फार्म में खेल मैदान बनाने की मांग, पार्षद वाई. योगा राव ने उठाई आवाज

जर्जर सरकारी आवास तोड़कर बच्चों के लिए सुविधा विकसित करने का आग्रह

SANJIB KUMAR ROY

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम -- श्री विजय पुरम नगर परिषद के वार्ड नंबर 14 के पार्षद वाई. योगा राव ने डायरी फार्म क्षेत्र में लंबे समय से खाली पड़े जर्जर सरकारी आवासों को हटाकर वहां खेल मैदान एवं खेलकूद से जुड़ी अन्य सुविधाएं विकसित करने की मांग प्रशासन से की है। उन्होंने कहा कि हाल ही में इन पुराने लकड़ी के सरकारी आवासों में लगी भीषण आग के बाद अब इस भूमि का जनहित में बेहतर उपयोग करने का अवसर मिला है। इस स्थान पर खेल मैदान और प्रशिक्षण की सुविधाएं विकसित होने से आसपास के वार्ड नंबर 9, 14 और 15 के बच्चों एवं युवाओं को लाभ मिलेगा।

पार्षद ने बताया कि इन सरकारी आवासों में पिछले 13-14 वर्षों से कोई नहीं रह रहा है। उन्होंने इस संबंध में करीब तीन वर्ष पहले भी प्रशासन को पत्र लिखकर बच्चों के लिए खेलकूद की सुविधाएं विकसित करने का अनुरोध किया था। उनके अनुसार, वर्तमान में इन आवासों में केवल एक बुजुर्ग महिला रहती हैं। उन्होंने कहा कि पुराने और जर्जर भवनों को हटाकर इस भूमि पर कोई उपयोगी सार्वजनिक सुविधा विकसित की जानी चाहिए।

वाई. योगा राव ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए खेल मैदान उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। इससे उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और खेल गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। साथ ही युवा सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ सकेंगे और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित होंगे।

उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि जले हुए एवं जर्जर सरकारी आवासों को जल्द हटाकर वहां बच्चों और युवाओं के हित में खेल मैदान तथा अन्य आवश्यक खेल सुविधाओं के निर्माण की दिशा में शीघ्र कदम उठाए जाएं।

SCROLL FOR NEXT