सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- सरस आजीविका मेला 2026 के सातवें दिन के अंत तक कुल 2,14,383 रुपये की बिक्री दर्ज की गई, जबकि मेले में लगभग 650 दर्शकों की उपस्थिति रही। ग्रामीण महिलाओं के उद्यम और स्थानीय हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में लगातार लोगों का उत्साह देखने को मिल रहा है।
शनिवार की शाम आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में द्वीपसमूह के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने पारंपरिक नृत्य, सामुदायिक गीतों और संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया।
अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के ग्रामीण विकास, पंचायती राज संस्थाएं एवं नगरीय स्थानीय निकाय निदेशालय द्वारा आईटीएफ मैदान में आयोजित सरस आजीविका मेला 2026 के सातवें दिन भी लोगों की अच्छी भागीदारी रही। शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कुल 12 प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें व्यक्तिगत कलाकारों के साथ विभिन्न सामुदायिक समूहों ने हिस्सा लिया। इन प्रस्तुतियों में नानकौड़ी, कैंपबेल बे, रंगत और मायाबंदर के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत एकल गायन प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद नानकौड़ी और कैंपबेल के प्रतिभागियों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया। विभिन्न द्वीपों से आए कलाकारों की प्रस्तुतियों ने स्थानीय समुदायों की रचनात्मकता, सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक कलाओं को मंच प्रदान किया। कार्यक्रम में प्रस्तुत गीतों और नृत्यों के माध्यम से द्वीपसमूह की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान भी देखने को मिली।
आयोजकों के अनुसार, मेले के सातवें दिन के अंत तक कुल 2,14,383 रुपये की बिक्री दर्ज की गई और लगभग 650 लोगों ने मेले का भ्रमण किया है। यह मेला आगामी 29 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। ग्रामीण विकास, पंचायती राज संस्थाएं एवं नगरीय स्थानीय निकाय निदेशालय ने आम जनता से मेले में पहुंचकर ग्रामीण महिला उद्यमियों और कारीगरों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने की अपील की है। मेले के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।