सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में द्विवार्षिक अखिल भारतीय तटीय रक्षा अभ्यास 'सी विजिल-26' आज, 25 नवंबर 2026 को सुबह 8 बजे से शुरू हो गया। अंडमान एवं निकोबार कमान के समन्वय से आयोजित यह अभ्यास 26 नवंबर को रात 8 बजे तक जारी रहेगा। देशव्यापी स्तर पर आयोजित इस अभ्यास में भारत के सभी तटीय राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एक साथ सुरक्षा संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विभिन्न समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वित प्रयासों के माध्यम से तटीय सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करना और उसे और अधिक मजबूत बनाना है। इसके साथ ही संभावित समुद्री खतरों से तटीय क्षेत्रों तथा महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों और कार्यक्षमता की भी जांच की जाएगी।
अभ्यास के तहत समुद्री पुलिस बल की नौकाओं और जहाजों को तटीय गश्त तथा निगरानी के लिए तैनात किया गया है। इस महत्वपूर्ण अभ्यास में समुद्री पुलिस बल, जिला पुलिस तथा अन्य संबंधित एजेंसियां सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं, ताकि सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच प्रभावी तालमेल स्थापित किया जा सके और तटीय सुरक्षा व्यवस्था को व्यापक रूप से मजबूत किया जा सके।
अभ्यास की तैयारियों के तहत समुद्री पुलिस बल इकाई की ओर से 24 नवंबर 2026 को तटीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हितधारकों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में भारतीय तटरक्षक बल, मत्स्य विभाग, वन विभाग तथा बंदरगाह प्रबंधन बोर्ड के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा मछुआरा निगरानी समूहों और आम नागरिकों के साथ जागरूकता बैठकें भी आयोजित की गईं। इन बैठकों के माध्यम से लोगों को तटीय सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया तथा समुद्र तटों के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान कर उसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को देने के लिए सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
प्रशासन की ओर से आम जनता से अनुरोध किया गया है कि अभ्यास की अवधि के दौरान किसी प्रकार की घबराहट न फैलाएं और न ही स्वयं घबराएं। लोगों से सुरक्षा बलों तथा अभ्यास में शामिल सभी संबंधित एजेंसियों को अपना पूर्ण सहयोग देने की अपील की गई है, ताकि तटीय सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस महत्वपूर्ण अभ्यास को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।