सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम --अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में अगले सात दिनों के दौरान मौसम के खराब रहने की संभावना जताई गई है। राज्य नियंत्रण कक्ष, आपदा प्रबंधन निदेशालय द्वारा 17 सितंबर को जारी मौसम, मछुआरों, किसानों और बंदरगाहों के लिए जारी चेतावनी के अनुसार द्वीप समूह के एक या दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश होने की संभावना है। मौसम संबंधी यह चेतावनी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के कोलकाता और श्री विजय पुरम स्थित केंद्रों से प्राप्त पूर्वानुमान के आधार पर जारी की गई है।
जारी चेतावनी के अनुसार 18 सितंबर को एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। इस दौरान 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज हो सकती है।
19 सितंबर को भी एक या दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। आगामी दिनों में भी मौसम में विशेष सुधार की संभावना नहीं है और 20 से 23 सितंबर के बीच भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक तथा तेज हवाओं की स्थिति बनी रहने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
किसानों के लिए जारी अलग चेतावनी में भी 18 और 19 सितंबर को एक या दो स्थानों पर 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 21 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।
राज्य नियंत्रण कक्ष ने संबंधित विभागों और आपातकालीन संचालन केंद्रों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने के लिए सूचना जारी की है। बंदरगाहों के लिए जारी चेतावनी में अगले दो दिनों के दौरान विशेष बदलाव की संभावना कम बताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए स्थानीय स्तर पर लोगों, किसानों और समुद्र से जुड़े कार्यों में लगे लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।