सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम --
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के सांसद बिष्णु पद रे ने मंगलवार को श्री विजय पुरम स्थित लोक निवास में उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उपराज्यपाल से स्वराज द्वीप का दौरा करने का अनुरोध किया।
सांसद ने परिवहन विभाग द्वारा प्रस्तावित ऊपर-नीचे यात्रा बस सेवा के किराये को कम करने का भी अनुरोध किया। सांसद तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए उपराज्यपाल ने प्रस्तावित 100 रुपये के किराये को घटाकर द्वीप से बाहर के यात्रियों के लिए 50 रुपये तथा द्वीपवासियों के लिए 40 रुपये करने की मंजूरी प्रदान की। इस सुविधा के अंतर्गत यात्री पूरे दिन वातानुकूलित बस में पूरे द्वीप की यात्रा कर सकेंगे और इसके लिए उन्हें केवल एक बार निर्धारित किराया देना होगा।
बम्बूफ्लैट में पेयजल की समस्या से अवगत कराए जाने पर उपराज्यपाल ने बम्बूफ्लैट के सुनामी पहाड़ में 2 करोड़ लीटर क्षमता वाले जलाशय और पंप गृह के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की। इस परियोजना की अनुमानित लागत 2.5 करोड़ रुपये है।
इसके अतिरिक्त श्री विजय पुरम नगर परिषद को अनुदान जारी करने के अनुरोध पर उपराज्यपाल ने तत्काल 18 करोड़ रुपये जारी करने का निर्देश दिया। लोक निवास की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।