मिडिल स्ट्रेट में शुरू होने वाली दैनिक वातानुकूलित बस सेवा को दर्शाता फाइल फोटो। 
देश/विदेश

श्री विजय पुरम से बाराटांग तक दैनिक वातानुकूलित बस सेवा शुरू

यात्रियों और पर्यटकों को सुविधाजनक यात्रा सुविधा

SANJIB KUMAR ROY

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम --

राज्य परिवहन सेवा द्वारा यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए श्री विजय पुरम से मिडिल स्ट्रेट और बाराटांग के बीच प्रतिदिन वातानुकूलित डीलक्स बस सेवा संचालित की जा रही है। मिडिल स्ट्रेट और बाराटांग अपने प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए प्रसिद्ध हैं, जिनमें विशेष रूप से कीचड़ का ज्वालामुखी और चूना पत्थर की गुफाएं शामिल हैं। प्रतिदिन संचालित होने वाली यह वातानुकूलित डीलक्स बस सेवा मिडिल स्ट्रेट और बाराटांग की ओर जाने वाले पर्यटकों, आगंतुकों तथा आम यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक यातायात सुविधा उपलब्ध करा रही है।

यह बस सेवा श्री विजय पुरम से प्रातः 4 बजे रवाना होती है और लगभग प्रातः 7 बजकर 30 मिनट पर मिडिल स्ट्रेट पहुंचती है। वापसी यात्रा के लिए मिडिल स्ट्रेट से अंतिम काफिले के साथ दोपहर 3 बजे बस रवाना होती है और लगभग शाम 6 बजे श्री विजय पुरम पहुंचती है। वातानुकूलित डीलक्स बस में कुल 15 डीलक्स सीटों की व्यवस्था है। यात्रियों को यात्रा की तिथि से 10 दिन पहले तक अग्रिम टिकट बुक करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यात्री राज्य परिवहन की टिकट व्यवस्था के माध्यम से अग्रिम बुकिंग कर अपनी यात्रा की योजना पहले से बना सकते हैं।

मिडिल स्ट्रेट, कीचड़ के ज्वालामुखी और चूना पत्थर की गुफाओं की यात्रा करने के इच्छुक आम यात्रियों तथा पर्यटकों से इस दैनिक वातानुकूलित डीलक्स बस सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने और अग्रिम टिकट बुकिंग की सुविधा का लाभ उठाने का अनुरोध किया गया है। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा पहले से निर्धारित करने और सुविधाजनक तरीके से गंतव्य तक पहुंचने में सहायता मिलेगी।

SCROLL FOR NEXT