सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम – अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह की रचनात्मक प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर पहचान मिली है। द्वीपसमूह के डिजाइनर जगजीवन राम द्वारा तैयार किए गए प्रतीक चिह्न को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान की स्वर्ण जयंती के अवसर पर जारी किए गए विशेष स्मारक डाक आवरण पर स्थान मिला है। यह उपलब्धि पूरे द्वीपसमूह के लिए गर्व का विषय बन गई है।
इस संबंध में आज सन्मार्ग संवाददाता को जानकारी देते हुए जगजीवन राम ने बताया कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान के गौरवशाली योगदान को दर्शाने वाले स्मारक डाक आवरण और डाक टिकटों का शुभारंभ 17 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित संस्थान के वर्षव्यापी स्वर्ण जयंती समारोह के उद्घाटन अवसर पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया गया। वर्तमान में श्री विजय पुरम स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के क्षेत्रीय चिकित्सा अनुसंधान केंद्र में प्रशासनिक अधिकारी के रूप में कार्यरत जगजीवन राम ने इस विशेष स्मारक डाक आवरण पर अंकित प्रतीक चिह्न तैयार किया है। इस प्रकार अंडमान में कार्यरत एक प्रतिभाशाली व्यक्ति की रचनात्मक उपलब्धि को राष्ट्रीय महत्व के एक समारोह में विशेष स्थान प्राप्त हुआ है।
राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान की स्वर्ण जयंती देश में मलेरिया के विरुद्ध संघर्ष तथा अनुसंधान के क्षेत्र में संस्थान के पांच दशकों के योगदान का प्रतीक है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर द्वीपसमूह के निवासी जगजीवन राम की रचनात्मक भागीदारी ने अंडमान एवं निकोबार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
जगजीवन राम इससे पहले भी विभिन्न सरकारी तथा राष्ट्रीय संस्थानों के लिए विशिष्ट प्रतीक चिह्न, लोगो और पहचान चिह्न तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। पुलिस तथा अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों से जुड़े उनके कई डिजाइन विशेष पहचान प्राप्त कर चुके हैं। पुडुचेरी पुलिस के राष्ट्रपति ध्वज के लिए तैयार किए गए उनके योगदान ने भी द्वीपसमूह की रचनात्मक प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई थी।
अब भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान के स्वर्ण जयंती स्मारक डाक आवरण पर उनके डिजाइन को स्थान मिलने से उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।
वर्तमान में क्षेत्रीय चिकित्सा अनुसंधान केंद्र, श्री विजय पुरम में अपनी सेवाएं दे रहे जगजीवन राम विभिन्न संस्थानों के लिए रचनात्मक कार्यों के साथ-साथ डिजाइनिंग के प्रति अपने जुनून को भी आगे बढ़ा रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि दर्शाती है कि देश के दूरस्थ द्वीपों में रहने वाले प्रतिभाशाली लोग भी अपनी लगन, मेहनत और रचनात्मक कौशल के बल पर राष्ट्रीय मंच पर महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।