सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम – श्री विजय पुरम में अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में हेलीकॉप्टर संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने और द्वीपवासियों के लिए नए मार्ग शुरू करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई है। पवन हंस लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सुनील कुमार ने रविवार को लोक निवास में उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा से शिष्टाचार भेंट की।
बैठक के दौरान द्वीपसमूह में हेलीकॉप्टर संपर्क को बेहतर बनाने से जुड़े कई प्रस्तावों पर विचार किया गया। इनमें नए हेलीकॉप्टर मार्ग शुरू करने, द्वीपवासियों के आवागमन को अधिक सुविधाजनक बनाने और केंद्रशासित प्रदेश के भीतर हवाई संपर्क को और मजबूत करने के उपाय शामिल थे।
बैठक में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेलीकॉप्टर आधारित नई और सुविधाजनक पर्यटन गतिविधियों की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। अंडमान एवं निकोबार की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए विभिन्न द्वीपों के बीच बेहतर हवाई संपर्क को पर्यटन और स्थानीय आवागमन दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
इस दौरान द्वीपों में पायलट प्रशिक्षण अकादमी स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए विमानन क्षेत्र में कौशल विकास और रोजगार से जुड़े अवसर तैयार करने की संभावना पर विचार किया गया।
बैठक में प्रशासन के नागरिक उड्डयन सचिव, उपराज्यपाल के सचिव तथा पवन हंस लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रस्तावित योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय पर भी जोर दिया गया।