कैम्पबेल बे स्थित वन विभाग के डीएफओ कार्यालय की तस्वीर।  
देश/विदेश

वन विभाग कार्यालय के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, भर्ती में ओबीसी आरक्षण पर उठाए सवाल

कैम्पबेल बे में 64 पदों की भर्ती को लेकर विवाद, स्थानीय युवाओं को पर्याप्त अवसर देने की मांग

SANJIB KUMAR ROY

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम – कैम्पबेल बे में वन विभाग के अंतर्गत हाल ही में जारी 64 पदों की भर्ती अधिसूचना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भर्ती में विभिन्न श्रेणियों के लिए निर्धारित पदों के बंटवारे पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज डीएफओ कार्यालय पहुंचकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई तथा भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय आबादी की सामाजिक संरचना और वास्तविक स्थिति को ध्यान में रखने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने डीएफओ को इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपकर आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा करने का आग्रह किया।

उल्लेखनीय है कि जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 64 पदों में सामान्य श्रेणी के लिए 12, अनुसूचित जनजाति के लिए 7, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 39 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 6 पद निर्धारित किए गए हैं। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि कुल पदों में लगभग 61 प्रतिशत पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि कैम्पबेल बे और निकोबार क्षेत्र में इस श्रेणी की आबादी बेहद कम है। ऐसे में स्थानीय सामान्य वर्ग, अनुसूचित जनजाति तथा लंबे समय से द्वीपों में रह रहे सेटलर समुदाय के युवाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाएंगे।

कांग्रेस के अनऑर्गनाइज्ड वर्कर्स एंड एम्प्लॉय कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्होंने डीएफओ के समक्ष अपनी चिंताएं रखीं और केंद्र सरकार के आरक्षण संबंधी प्रावधानों का हवाला देते हुए भर्ती में निर्धारित कोटे की समीक्षा करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में निकोबार जिला अध्यक्ष सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और स्थानीय समुदायों के प्रतिनिधि शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है, जबकि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में अनुसूचित जनजाति के लिए 8 प्रतिशत और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित है। इसके बावजूद वर्तमान अधिसूचना में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए लगभग 61 प्रतिशत पद निर्धारित किए जाने से स्थानीय युवाओं में असंतोष पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण के खिलाफ नहीं है, बल्कि उसकी मांग है कि प्रत्येक समुदाय को निर्धारित नियमों और वास्तविक सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप उसका अधिकार मिले।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल निकोबारी युवा प्रतिनिधि कैप्टन टाइटस ने भी अनुसूचित जनजाति के लिए निर्धारित सात पदों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कैम्पबेल बे से लेकर निकोबार तक के क्षेत्र में जनजातीय आबादी काफी अधिक है और यहां के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।

उन्होंने प्रशासन से अनुसूचित जनजाति के युवाओं के लिए निर्धारित पदों की संख्या बढ़ाने पर विचार करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि द्वीपों में रोजगार के सीमित अवसरों को देखते हुए स्थानीय युवाओं को विशेष प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

वहीं, सेटलर समुदाय के प्रतिनिधि ने कहा कि पहले सेटलर समुदाय के लिए अलग से आरक्षण का प्रावधान था, लेकिन बाद में इसे समाप्त कर इस समुदाय को सामान्य श्रेणी में शामिल कर दिया गया। इसके कारण लंबे समय से द्वीपों में रह रहे सेटलर परिवारों के बच्चों को सरकारी नौकरियों में अपेक्षित अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि यदि सेटलर समुदाय को अन्य पिछड़ा वर्ग में शामिल करना संभव नहीं है, तो कम से कम पहले की तरह उनके लिए 15 से 20 प्रतिशत अलग कोटा बहाल करने पर विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि उनके पूर्वजों और माता-पिता ने द्वीपों को आबाद करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनके बच्चों के हितों की भी रक्षा होनी चाहिए।

मछुआरा समुदाय की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे सीताराम ने भी भर्ती में निर्धारित आरक्षण व्यवस्था पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि कैम्पबेल बे की आबादी में मछुआरा समुदाय की बड़ी हिस्सेदारी है और वर्ष 1971 में हुए पुनर्वास के समय से ही इस समुदाय के परिवार यहां निवास कर रहे हैं। उनका कहना था कि मुख्यभूमि में मछुआरा समुदाय के कई वर्गों को अन्य पिछड़ा वर्ग का लाभ मिलता है, लेकिन यहां के मछुआरा परिवारों को सामान्य श्रेणी में रखा गया है। इसके कारण स्थानीय युवाओं को सरकारी नौकरियों में प्रतिस्पर्धा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए निर्धारित पदों की समीक्षा कर सामान्य श्रेणी तथा स्थानीय समुदायों के लिए अधिक अवसर सुनिश्चित किए जाएं।

प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी भी आरक्षित समुदाय के अधिकारों को समाप्त करने की नहीं है, बल्कि सभी समुदायों के युवाओं को उनकी पात्रता और निर्धारित नियमों के अनुरूप समान अवसर उपलब्ध कराने की है। उनका कहना था कि कैम्पबेल बे की स्थानीय परिस्थितियां अन्य क्षेत्रों से अलग हैं, इसलिए भर्ती में पदों का निर्धारण करते समय यहां की वास्तविक जनसंख्या संरचना को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।

इस संबंध में डीएफओ से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि अधिकारी ने उनकी बातों को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले पर संज्ञान लिया जाएगा और संबंधित स्तर पर विचार-विमर्श किया जाएगा। हालांकि, डीएफओ ने स्पष्ट किया कि आरक्षण से संबंधित अंतिम निर्णय उनके स्तर पर नहीं लिया जा सकता, क्योंकि इस विषय में समाज कल्याण विभाग और उच्च अधिकारियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।

फिलहाल, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मामले में उचित हस्तक्षेप करेगा और भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए कोई समाधान निकाला जाएगा। अब देखना होगा कि संबंधित प्रशासनिक विभाग इस विवाद पर क्या निर्णय लेता है और क्या स्थानीय समुदायों की मांगों के अनुरूप भर्ती अधिसूचना में कोई बदलाव किया जाता है।

SCROLL FOR NEXT