राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले अंडमान के खिलाड़ियों की तस्वीर।  
देश/विदेश

राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में अंडमान के खिलाड़ियों ने जीते 11 पदक, बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

चार स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदकों के साथ द्वीपसमूह का गौरव बढ़ाया

SANJIB KUMAR ROY

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम -- अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के साइकिलिंग खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर एवं 41वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप-2026 में कुल 11 पदक जीतकर द्वीपसमूह का नाम रोशन किया है। झारखंड के रांची स्थित खेलगांव मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के सिधू-कान्हू वेलोड्रोम में 30 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में द्वीपसमूह के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक हासिल किए। इस उपलब्धि में सब-जूनियर बालिका व्यक्तिगत टाइम ट्रायल स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित करना विशेष आकर्षण रहा।

प्रतियोगिता में एसोव ने पुरुषों की 200 मीटर स्प्रिंट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। एसोव, चेम्बरलेन और डेविड बेकहम की तिकड़ी ने पुरुष टीम स्प्रिंट स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। एसोव ने पुरुष कीरिन स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, डेविड बेकहम ने पुरुष टाइम ट्रायल, स्प्रिंट और कीरिन स्पर्धाओं में तीन कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

महिला वर्ग में सेलेस्टीन ने एलीट टाइम ट्रायल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। जूनियर पुरुष टीम स्प्रिंट में लियोनार्ड बैकर, साव जेकेरियाह और डेरिकसन की टीम ने कांस्य पदक जीता। जूनियर महिला वर्ग में नमिता वायलेट ने 200 मीटर स्प्रिंट स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि फेथ, ब्रिटनी और नमिता वायलेट की टीम ने महिला जूनियर टीम स्प्रिंट में कांस्य पदक अपने नाम किया।

सब-जूनियर वर्ग में आई. एस. ब्रिडनी ने बालिका व्यक्तिगत टाइम ट्रायल स्पर्धा में 37.479 सेकंड का समय दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया। वहीं, मेस्सी कार्टसन ने बालक व्यक्तिगत टाइम ट्रायल स्पर्धा में 35.112 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया।

द्वीपसमूह के साइकिलिंग खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि को उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम बताया गया है। विशेष रूप से नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित होने से अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह की खेल उपलब्धियों में एक नया अध्याय जुड़ गया है। खेल एवं युवा मामले विभाग ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सहयोगी कर्मचारियों तथा टीम की सफलता में योगदान देने वाले सभी लोगों को हार्दिक बधाई दी है।

SCROLL FOR NEXT