सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- छठ महापर्व के अवसर पर अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग एक बार फिर उठाई गई है। हिंदू राष्ट्र शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर लाल ने उपराज्यपाल तथा अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के सांसद को पत्र लिखकर दिल्ली की तर्ज पर 16 नवंबर 2026 को छठ पूजा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया है।
पत्र में कहा गया है कि छठ महापर्व हिंदू समुदाय के सबसे पवित्र और श्रद्धा के साथ मनाए जाने वाले प्रमुख त्योहारों में से एक है। विशेष रूप से बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड तथा देश के अन्य राज्यों से आए बड़ी संख्या में लोग पिछले कई दशकों से इन द्वीपों में रह रहे हैं और यहां के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इन समुदायों के लिए छठ पूजा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इस पर्व को अत्यंत पवित्रता, निष्ठा और कठोर उपवास के साथ मनाया जाता है। श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करते हैं।
राकेश्वर लाल ने अपने पत्र में दिल्ली सरकार के उस निर्णय का भी उल्लेख किया है, जिसके तहत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार ने 9 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के माध्यम से सोमवार, 16 नवंबर 2026 को प्रतिहार षष्ठी अथवा सूर्य षष्ठी यानी छठ पूजा के अवसर पर सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में अवकाश घोषित किया है।
उन्होंने कहा कि हिंदू राष्ट्र शक्ति पिछले तीन वर्षों से लगातार अंडमान तथा निकोबार प्रशासन के समक्ष छठ पूजा पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग उठाती रही है। इस वर्ष भी संगठन ने अपनी पुरानी मांग को दोहराते हुए प्रशासन से इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
संगठन ने मांग की है कि 16 नवंबर 2026 को छठ पूजा के अवसर पर द्वीपसमूह के सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वायत्त निकायों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए। संगठन का कहना है कि इससे छठ व्रत करने वाले श्रद्धालुओं को अपने धार्मिक अनुष्ठान पूरी श्रद्धा और बिना किसी परेशानी के संपन्न करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, अपने परिवार और समुदाय के साथ इस महत्वपूर्ण पर्व को मनाने में भी सुविधा होगी।