सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयापुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के पर्यटन क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में रामनगर, कर्माटांग और रमन बगीचा समुद्र तटों को अंतरराष्ट्रीय ब्लू फ्लैग प्रमाणन प्रदान किया गया है। वहीं, विश्व प्रसिद्ध राधानगर समुद्र तट के ब्लू फ्लैग प्रमाणन का नवीनीकरण भी किया गया है। इस उपलब्धि के साथ अब द्वीपसमूह में कुल चार समुद्र तट अंतरराष्ट्रीय ब्लू फ्लैग प्रमाणन प्राप्त समुद्र तटों की सूची में शामिल हो गए हैं।
इस संबंध में अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने आज सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे द्वीपों के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए अंडमान एवं निकोबार प्रशासन, संबंधित विभागों की टीमों तथा स्थानीय समुदाय को बधाई दी। उपराज्यपाल ने कहा कि चार ब्लू फ्लैग समुद्र तटों के साथ द्वीप स्वच्छ, सुरक्षित और सतत पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर अपनी पहचान को और मजबूत कर रहे हैं।
इस उपलब्धि का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि ब्लू फ्लैग प्रमाणन विश्व स्तर पर समुद्र तटों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटकों की सुरक्षा के उच्च मानकों का प्रतीक माना जाता है। यह प्रमाणन डेनमार्क स्थित फाउंडेशन फॉर एनवायरनमेंटल एजुकेशन द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर प्रदान किया जाता है। इसके लिए समुद्र तटों को जल की गुणवत्ता, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, पर्यावरण संबंधी जागरूकता, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं सहित निर्धारित मानकों का पालन करना होता है। प्रमाणन प्राप्त करने के बाद भी इन मानकों को लगातार बनाए रखना आवश्यक है।
पर्यटन की दृष्टि से यह उपलब्धि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के लिए नए अवसर खोल सकती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त समुद्र तटों की संख्या बढ़ने से द्वीपसमूह की पहचान देश-विदेश के पर्यटकों के बीच और मजबूत होगी। विशेष रूप से प्रकृति प्रेमियों, पर्यावरण के प्रति जागरूक यात्रियों और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने में इससे मदद मिल सकती है। रामनगर, कर्माटांग और रमन बगीचा जैसे समुद्र तटों को नई पहचान मिलने से उत्तरी एवं मध्य अंडमान के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय होटल व्यवसाय, परिवहन, नौका सेवाओं, पर्यटन संचालकों, छोटे दुकानदारों तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि इन नए प्रमाणित समुद्र तटों का विकास पर्यावरण के अनुकूल तरीके से करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता को सुरक्षित रखते हुए पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाया जा सके। इस प्रकार यह उपलब्धि अंडमान एवं निकोबार को केवल समुद्री पर्यटन स्थल के रूप में ही नहीं, बल्कि सतत एवं जिम्मेदार पर्यटन के अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।