सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में भारतीय जनता पार्टी को उस समय नई मजबूती मिली, जब युवा समाजसेवी एवं नेता आर. शिवा कुमार ने आज, 19 नवंबर को अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल तिवारी ने उनका पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि शिवा कुमार जैसे युवा, जुझारू और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पित व्यक्तित्व का भाजपा से जुड़ना संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं अंडमान-निकोबार के प्रभारी जयप्रकाश, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विशाल जौली, प्रदेश महामंत्री परम शिवाम, तरंग कुमार ढाली, दक्षिण अंडमान के प्रभारी मोहन हलदर सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, मोर्चों के अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और बूथ स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अनिल तिवारी ने कहा कि उन्हें काफी समय से जानकारी मिल रही थी कि आर. शिवा कुमार किसी अन्य राजनीतिक दल से जुड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में वरिष्ठ नेता दास गुप्ता से बातचीत की और उनसे आग्रह किया कि शिवा कुमार जैसे युवा समाजसेवी को भाजपा से जोड़ने का प्रयास किया जाए। उन्होंने बताया कि लगभग दो महीने पहले उनकी शिवा कुमार के साथ बैठक हुई थी और इस विषय को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष भी रखा गया था, जहां से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। उन्होंने कहा कि आज 19 नवंबर को भाजपा को एक समर्पित युवा कार्यकर्ता मिला है, जो राष्ट्रहित और समाजसेवा की भावना के साथ काम करना चाहता है।
अनिल तिवारी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 के चुनावों में जनता ने कांग्रेस को अपना जवाब दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में लगातार जनसमर्थन नहीं मिलने के बाद कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से राजनीतिक संघर्ष करने के बजाय देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को लेकर भाजपा पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है और जनता द्वारा चुनी गई सरकार का सम्मान किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर पार्टी में शामिल हुए आर. शिवा कुमार ने कहा कि आज उनके जीवन का गौरवशाली और ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि वह विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी के परिवार का सदस्य बनने जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में शामिल होने का उनका निर्णय किसी पद अथवा व्यक्तिगत लाभ की अपेक्षा से प्रेरित नहीं है, बल्कि यह द्वीपसमूह और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने की एक छोटी सी पहल है।
शिवा कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व स्तर पर एक बड़ी शक्ति के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के मूल मंत्र से वह काफी प्रभावित हैं। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष अनिल तिवारी की अनुशासनप्रियता और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी कार्यशैली की भी सराहना की। इसके अलावा उन्होंने उपराज्यपाल प्रो. दिनेश शर्मा के नेतृत्व में द्वीपसमूह में हो रहे आधारभूत संरचना विकास और नशामुक्त अंडमान अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन पहलों ने भी उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसका निर्वहन वह पूरी ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं अंडमान-निकोबार प्रभारी जयप्रकाश ने शिवा कुमार और उनके साथ आए समर्थकों का पार्टी परिवार में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सेवा है और संगठन हमेशा समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता तथा गरीबों के कल्याण को प्राथमिकता देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि गुजरात में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में विकास का मॉडल तैयार किया गया, जिसे बाद में देश के अन्य हिस्सों में भी अपनाने की प्रेरणा मिली।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की विभिन्न योजनाएं संचालित हो रही हैं। गरीबों के लिए शौचालय, स्वास्थ्य सुरक्षा, आयुष्मान भारत, किसानों के लिए सम्मान निधि, सड़क निर्माण, शिक्षा संस्थानों और हवाई संपर्क के विस्तार जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण काम किए गए हैं।
जयप्रकाश ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गरीबों, जरूरतमंदों और पीड़ित लोगों की सहायता को अपना प्राथमिक कर्तव्य समझें। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज के बीच रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए निरंतर काम करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान नए सदस्य के स्वागत के साथ संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।