भाजपा के अंडमान एवं निकोबार प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी की पत्रकार वार्ता की तस्वीर। 
देश/विदेश

अनिल तिवारी ने कांग्रेस पर वीडियो काटकर विवाद फैलाने का लगाया आरोप

भाजपा कार्यकर्ताओं की क्रॉस वोटिंग पर चर्चा को गलत तरीके से पेश करने का दावा

SANJIB KUMAR ROY

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम --

भारतीय जनता पार्टी की अंडमान एवं निकोबार प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी ने कांग्रेस पार्टी पर उनके बयान का अधूरा और संपादित वीडियो प्रसारित कर विवाद पैदा करने का आरोप लगाया है। शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका बयान आम जनता या कांग्रेस को वोट देने वाले लोगों के लिए नहीं, बल्कि पार्टी के उन कार्यकर्ताओं और निर्वाचित प्रतिनिधियों के संदर्भ में था, जो भाजपा के चुनाव चिह्न पर जीत हासिल करने के बाद दूसरी पार्टी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग करते हैं।

तिवारी ने बताया कि 26 सितंबर को डिगलीपुर में आयोजित भाजपा की संगठनात्मक बैठक के दौरान उन्होंने यह मुद्दा उठाया था। उत्तर एवं मध्य अंडमान में हाल ही में हुए जिला परिषद अध्यक्ष और नगरपालिका अध्यक्ष के चुनावों में पार्टी को अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने तथा कथित क्रॉस वोटिंग के संदर्भ में कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित संगठन है, जहां संगठनात्मक बैठकों में पार्टी की नीतियों, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर चर्चा की जाती है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के चुनाव चिह्न और कार्यकर्ताओं के समर्थन से जीतने वाले प्रतिनिधियों से संगठन के प्रति निष्ठा बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है। यदि किसी को भाजपा की विचारधारा पसंद नहीं है, तो उसे पार्टी में बने रहने का औचित्य समझना चाहिए। तिवारी ने आरोप लगाया कि उनके भाषण के मूल संदर्भ को हटाकर चुनिंदा अंश प्रसारित किए गए, जिससे उनके बयान का गलत अर्थ निकाला जा रहा है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वे सार्वजनिक जीवन में 1990 से सक्रिय हैं और अपने भाषणों में कभी जनता या विपक्षी नेताओं के प्रति व्यक्तिगत अपमानजनक टिप्पणी नहीं करते। उन्होंने मीडिया से पूरे वीडियो के संदर्भ को समझने तथा जनता से किसी भी अधूरे वीडियो के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकालने की अपील की।

तिवारी ने कांग्रेस पर राजनीतिक निराशा के कारण विवाद खड़ा करने का आरोप लगाते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एक नियमित प्रक्रिया है, जिसमें मृत, स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों वाले मतदाताओं के नामों की जांच की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद की पार्टी को वोट देने का लोकतांत्रिक अधिकार है।

इससे पहले भाजपा के डिगलीपुर जिला अध्यक्ष नरेश हलदार ने कहा कि वह संबंधित बैठक में स्वयं मौजूद थे और तिवारी के बयान को गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर बैठक का उपलब्ध वीडियो दिखाया जा सकता है।

वहीं, भाजपा की प्रदेश सचिव एवं जिला परिषद सदस्य सुनीति हलदार ने कहा कि तिवारी की टिप्पणी पार्टी के उन निर्वाचित प्रतिनिधियों के संदर्भ में थी, जिन्होंने कथित तौर पर क्रॉस वोटिंग की। उन्होंने निर्वाचित प्रतिनिधियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए दल-बदल विरोधी कानून की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

SCROLL FOR NEXT