सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली-2026 में भाग ले रही अंडमान और निकोबार पुलिस की टीम महाराष्ट्र में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों के बीच नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का अभियान जारी रखे हुए है। ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ संदेश के साथ पुलिसकर्मी युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक कर रहे हैं तथा स्वस्थ, जिम्मेदार और नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का आह्वान कर रहे हैं।
राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली को 10 अक्टूबर 2026 को श्री विजय पुरम स्थित ऐतिहासिक सेल्युलर जेल से अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। अंडमान और निकोबार पुलिस का दल 14 अक्टूबर को तमिलनाडु के चेन्नई में रैली में शामिल हुआ। यह दल गुजरात के एकता नगर की ओर बढ़ रहा है, जहां 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रैली का समापन निर्धारित है।
19 अक्टूबर को महाराष्ट्र के सोलापुर में ठहराव के दौरान पुलिस दल ने विश्राम दिवस मनाया तथा छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा, सिद्धेश्वर मंदिर और डॉ. बी. आर. आंबेडकर की प्रतिमा सहित प्रमुख स्थलों का दौरा किया। इस दौरान तस्वीरें भी ली गईं। सोलापुर के पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में अंडमान और निकोबार पुलिस की भागीदारी तथा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के लिए दल को सम्मानित किया।
20 अक्टूबर को दल सोलापुर से महाराष्ट्र के पुणे ग्रामीण जिले के दौंड की ओर रवाना हुआ। यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों ने मोहले स्थित नागनाथ उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों और स्थानीय निवासियों से बातचीत की। इसके बाद वनगली स्थित एस. बी. पाटिल शैक्षणिक परिसर में विद्यार्थियों के साथ संवाद किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन के दुष्परिणामों, सही निर्णय लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में बताया गया।
पुलिस दल ने इस अभियान के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय समुदायों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। अभियान में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और आम जनता की सक्रिय भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया गया, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाया जा सके।
इस रैली दल में निरीक्षक विशाल राम के नेतृत्व में 12 पुलिसकर्मी पांच मोटरसाइकिलों पर यात्रा कर रहे हैं। दल में अंडमान पुलिस लाइन, एपीयू, भारतीय रिजर्व बटालियन और पुलिस मोटर परिवहन इकाई के कर्मी शामिल हैं। निरीक्षक विशाल राम दल के नेता हैं, जबकि आरक्षी आर. अरुण तकनीकी एवं यांत्रिक सहायक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का यह अभियान नशामुक्त समाज के निर्माण के साथ राष्ट्रीय एकता और सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व को भी रेखांकित करता है। अंडमान और निकोबार पुलिस का दल 31 अक्टूबर को एकता नगर में रैली के समापन तक अपना सफर जारी रखेगा।