दक्षिण अंडमान के भातुबस्ति जंक्शन का दृश्य, जहां यातायात जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की गई है।  
देश/विदेश

भातुबस्ति जंक्शन पर यातायात सुधार के लिए तत्काल कदमों की मांग

पार्किंग रोकने, सिग्नल अवधि बढ़ाने का आग्रह

SANJIB KUMAR ROY

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम – भातुबस्ति जंक्शन पर लगातार बढ़ती यातायात समस्या और आए दिन लगने वाले जाम से आम लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए आवर राइट्स आर्गेनाईजेशन ने यातायात व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग उठाई है। आवर राइट्स आर्गेनाईजेशन के अध्यक्ष सी. सरवणन ने इस संबंध में 20 नवंबर को अंडमान एवं निकोबार पुलिस के महानिदेशक को पत्र लिखकर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।

पत्र में उन्होंने भातुबस्ति जंक्शन से गराचरमा की ओर जाने वाली सड़क पर अनधिकृत पार्किंग, यातायात सिग्नल की अपर्याप्त अवधि और वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही को जाम का प्रमुख कारण बताया है। उन्होंने विशेष रूप से भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम के सामने तथा होटल जीबी ओशियानिया के समीप वाहनों की अवैध पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की है। इसके लिए संबंधित स्थानों पर नो पार्किंग के संकेतक लगाने, नियमित जांच करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जुर्माना लगाने का सुझाव दिया गया है।

संगठन के अध्यक्ष ने भातुबस्ति से गराचरमा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए मौजूदा यातायात सिग्नल की अवधि बढ़ाने की भी मांग की है। पत्र के अनुसार, वर्तमान व्यवस्था में एक बार हरी बत्ती मिलने पर केवल लगभग पांच से दस वाहन ही जंक्शन पार कर पाते हैं। इसके कारण वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और जाम सब्जी बाजार तक पहुंच जाता है। इससे कार्यालय जाने वाले लोगों, स्कूली बच्चों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने वास्तविक यातायात दबाव का आकलन कर विशेषकर व्यस्त समय में हरी बत्ती की अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया है।

इसके अतिरिक्त, भातुबस्ति से ब्रिचगंज और कालीघाट की ओर जाने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए औद्योगिक क्षेत्र की सबवे सड़क से वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया है। संगठन का मानना है कि उपयुक्त परिस्थितियों में इस मार्ग का उपयोग करने से भातुबस्ति जंक्शन पर वाहनों का दबाव कम होगा तथा गराचरमा और आसपास के क्षेत्रों की ओर यातायात सुगम हो सकेगा। इसके लिए आवश्यक दिशा-सूचक बोर्ड लगाने और यातायात कर्मियों की सहायता से वाहन चालकों को मार्गदर्शन देने का भी सुझाव दिया गया है।

सी. सरवणन ने पुलिस महानिदेशक से संबंधित यातायात पुलिस अधिकारियों को मौके का शीघ्र निरीक्षण करने और प्रस्तावित उपायों को लागू करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।

SCROLL FOR NEXT